गुरसराय के परसुवा में संपन्न हुआ श्री सीताराम महायज्ञ और भागवत कथा
झांसी जिले के ग्राम परसुवा में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान का समापन, महंत वैदेही बल्लभ शरण महाराज ने श्रद्धालुओं को दिया भक्ति का संदेश।

झांसी के गुरसराय स्थित ग्राम परसुवा में आयोजित श्री सीताराम महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर प्रवचन देते महंत वैदेही बल्लभ शरण महाराज।
गुरसराय (झांसी)। ग्राम परसुवा में आयोजित श्री सीताराम महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का समापन अत्यंत भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा के अंतिम दिवस पर बावन जी मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही बल्लभ शरण महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सारगर्भित संदेश दिया कि 'भगवान परीक्षा से नहीं, प्रतीक्षा से मिलते हैं।'
महंत वैदेही बल्लभ शरण महाराज ने सती चरित्र का विशद वर्णन करते हुए कहा कि भगवान की प्राप्ति के लिए अहंकार का त्याग और अनन्य भक्ति भाव अनिवार्य है। उन्होंने दृष्टांत देते हुए कहा कि माता सती ने भगवान शंकर की आज्ञा की अवहेलना कर भगवान की परीक्षा लेनी चाही, जिसका परिणाम उन्हें अपना देह त्याग कर भुगतना पड़ा। इसके विपरीत, शबरी माता ने धैर्यपूर्वक केवल भक्ति में लीन होकर प्रभु की प्रतीक्षा की, जिससे प्रसन्न होकर स्वयं भगवान श्री राम ने उनके आश्रम पधारकर दर्शन दिए। महंत जी ने अपने ओजस्वी प्रवचन में दैनिक रामचरितमानस पाठ का महत्व बताते हुए कहा कि इससे मन की शंकाएं निर्मूल होती हैं और मनुष्य का आत्मबल सुदृढ़ होता है।
श्रीमद्भागवत कथा के व्यास सुरेंद्र तिवारी 'गुड्डू' महाराज ने सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने सुदामा को संतोषी ब्राह्मण बताते हुए कहा कि श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता समस्त मानव जाति के लिए एक अनुपम उदाहरण है। सुदामा ने कभी अपने मित्र श्री कृष्ण से कुछ नहीं माँगा, किंतु प्रभु ने मित्र धर्म निभाते हुए उन्हें धन-धान्य से परिपूर्ण कर दिया।
संगीतमय कथा के दौरान जयराम ने बैंजो, महेंद्र मिश्रा ने पैड, गोलू विरथरिया ने तबला तथा सत्यम ने कीबोर्ड पर संगत देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीमती पुष्पा संतराम तिवारी ने आरती संपन्न की, जबकि संचालन मेजर अखिलेश पिपरैया द्वारा किया गया। श्री सीताराम महायज्ञ की पूर्णाहूति आचार्य अरविंद कृष्ण शास्त्री के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस पुनीत अवसर पर गांव के समस्त पुरुषों एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता प्रतिपाल सिंह, रामजी परिहार, अमरदीप द्विवेदी, कमलेश द्विवेदी, आत्मादास दिल्ली, सुंदरभान मिश्रा, विनोद द्विवेदी, मुकेश मिश्रा तथा जगतपाल रमाकांत सोनकिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
