ग्राम पंचायत नागर में बीवी जी राम जी योजना का हुआ शुभारंभ
प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत मजदूरी दर ₹252 से बढ़ाकर ₹300 की गई है। कार्यक्रम में जल संचयन और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

तस्वीर में मंच पर बैठे अधिकारी और पीछे योजना का बैनर दिख रहा है।
ग्राम पंचायत नागर में डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आंध्र प्रदेश से बीवी जी राम जी योजना के शुभारंभ का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को योजना के नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इसके उद्देश्यों और लाभों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी बामोर गौरव कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत नागर में प्रत्येक योजना का प्रभावी और सही ढंग से क्रियान्वयन किया गया है तथा यहां विकास के सुंदर कार्य हुए हैं। इसी कारण नई बीवी जी राम जी योजना का शुभारंभ भी ग्राम पंचायत नागर से लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत आगे जल संचयन के सुंदर कार्य कराए जाएंगे।
एपीओ दीपक कुमार ने ग्रामीणों को योजना की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मजदूरी दर ₹252 से बढ़ाकर ₹300 कर दी गई है और इसके संबंध में विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अनुज कुमार द्विवेदी ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्राम पंचायत को और अधिक सुंदर तथा विकसित बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि तकनीक सहायक महेंद्र नामदेव और पंचायत सहायक हरि आर्य ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। इस अवसर पर सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बीवी जी राम जी योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण विकास और जल संचयन की दिशा में नए प्रयासों का संदेश भी दिया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
