हापुड़ जनपद के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विद्युत लाइन के तार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गश्त और चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 06 कुंतल चोरी का बिजली का तार, एक ऑटो लोडर, अवैध असलाह और कारतूस के साथ विद्युत लाइन के तार काटने और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं।

अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस शयाना रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 06 कुंतल चोरी का बिजली का तार बरामद किया। तार को ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक ऑटो लोडर वाहन भी पुलिस के हाथ लगा है। इसके अलावा अवैध असलाह और कारतूस तथा विद्युत लाइन के तार काटने और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ हापुड़, बुलंदशहर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में विद्युत लाइन तार चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के करीब 5 दर्जन यानी 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में बदमाशों ने पूर्व में गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और बाबूगढ़ क्षेत्रों में भी बिजली के तार चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेन्द्र उर्फ सुन्दर पुत्र चन्दी सिंह लोहा, निवासी ग्राम नगला आलमपुर, थाना खानपुर, बुलंदशहर शामिल है, जो मुठभेड़ में घायल हुआ। दूसरा आरोपी दीपक पुत्र कृष्ण चन्द, निवासी ग्राम शाहपुर चौधरी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ है, जो मुठभेड़ में घायल हुआ। तीसरे आरोपी की पहचान शेरू उर्फ जयदीप चौधरी पुत्र बृजपाल के रूप में हुई है। वह ग्राम अतलपुर, थाना किठौर, मेरठ का निवासी है और उसका वर्तमान पता हर्ष विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद है।

पुलिस ने घायल बदमाशों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बड़ी मात्रा में चोरी का विद्युत तार, वाहन, अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की बरामदगी के साथ पुलिस ने तार चोरी के मामलों में सक्रिय इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story