गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कड़ा रुख अपनाया है। किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल समाधान की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) एवं अपर जिलाधिकारी (ADM) ने संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मोंठ मंडी सहित विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों ने बारदाने की कमी, खरीदे गए गेहूं की समय पर डिलीवरी न होने, वेयरहाउस की दूरी तथा केंद्रों पर लंबी प्रतीक्षा जैसी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

विधायक ने मुख्य विकास अधिकारी से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए पर्याप्त संख्या में क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन गरौठा विधानसभा क्षेत्र के मारकुआं, भदरवारा, गुरसरांय, खड़ैनी, बामौर, पूंछ, समथर, साकिन, मोंठ और अम्मरगढ़ सहित कई केंद्रों पर किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कई केंद्रों पर बारदाने की कमी बनी हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर खरीदा गया गेहूं केंद्रों पर जमा होने से नई खरीद प्रभावित हो रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक सप्ताह से अधिक समय तक केंद्रों पर रुकना पड़ रहा है। कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि कई केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है तथा लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, कुछ केंद्र बारदाने की उपलब्धता न होने के कारण बंद पड़े हैं।

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए और सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर सुचारु खरीद व्यवस्था लागू की जाए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य योजना का पूरा लाभ मिल सके।

विधायक की पहल के बाद CDO एवं ADM ने बैठक कर सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों का गेहूं अधिक से अधिक मात्रा में खरीदा जाए तथा खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासनिक स्तर पर दिए गए इन निर्देशों के बाद अब किसानों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story