गजरौला थाना क्षेत्र के गांव अहरौला तेजवन में दहेज विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हो गया। बहन की ससुराल में शिकायत करने पहुंचे मायके वालों को कमरे में बंदकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। घटना में कई लोग घायल हो गए। विवाद बढ़ने के बाद गजरौला-नजीबाबाद रेलवे ट्रैक पर भी पत्थरबाजी होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में 12 नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव अव्वलपुर निवासी सुमित कुमार के मुताबिक, उसकी बहन बबिता की शादी मार्च 2024 में अहरौला तेजवन निवासी आनंद कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये और कार की मांग को लेकर बबिता को प्रताड़ित करते थे। 24 सितंबर को बबिता मायके पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।



इसके बाद सुमित अपने परिजनों के साथ बहन की ससुराल पहुंचा। आरोप है कि शिकायत करने पर ससुराल पक्ष और गांव के कुछ लोगों ने मायके वालों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडों, फावड़े के हत्थे और धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में सुनपुरा निवासी कुंवरपाल और अव्वलपुर निवासी महेश समेत कई लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद विवाद बढ़ने पर गजरौला-नजीबाबाद रेलवे ट्रैक पर भी पत्थरबाजी होने की बात सामने आई। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

सुमित की तहरीर पर पुलिस ने आनंद कुमार, भोलू सिंह, संतोष देवी, आशीष, राहुल, निशी, मनोज कुमार, अनुज कुमार, विजय सिंह, इरशाद अली और राशिद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story