उत्तर प्रदेश: नवजात बेटी की छठी से पहले पिता ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार में मचा कोहराम
फतेहपुर के पनेरूवा गांव में नवजात बेटी की छठी से पहले पिता विकास कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। छह दिन से तनाव में रहने और अत्यधिक शराब सेवन की बात सामने आई है। घटना से परिवार में मातम छा गया।

तस्वीर में फतेहपुर के पनेरूवा गांव के निवासी विकास कुमार नजर आ रहे हैं।
फतेहपुर के जहानाबाद थाना क्षेत्र के पनेरूवा गांव में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी विकास कुमार (30) पुत्र जयकिशोर ने घर के कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर विकास को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, विकास पिछले करीब छह दिनों से मानसिक तनाव में था और अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। शनिवार को उसकी महज छह दिन की नवजात बेटी की छठी का कार्यक्रम होना था। परिवार में इसे लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन इससे पहले ही विकास के आत्मघाती कदम ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
मृतक की पत्नी रन्नो देवी (26) और मां कांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी दिव्यांशी (9) और छोटी बेटी राव्या, जिसकी उम्र महज छह दिन है। नवजात बेटी की छठी से पहले पिता की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
बताया गया कि विकास पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
