शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और लाखों की ठगी का आरोप, एसएसपी से महिला ने लगाई न्याय की गुहार
एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र की एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, 2.50 लाख रुपये, 50 हजार रुपये नकद और जेवर हड़पने के साथ अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस जांच शुरू कर दी गई है।

तस्वीर में एटा की एक महिला गुलाबी सूट पहने और चेहरा ढंके हुए हाथ में प्रार्थना पत्र पकड़े नजर आ रही है।
एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र की एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एटा को प्रार्थना पत्र देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, लाखों रुपये के जेवर और नकदी हड़पने तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के लौधी नगर चौचानबाग निवासी महिला ने बताया कि वर्ष 2018 में उसके पति का निधन हो गया था। उसके दो बच्चे हैं और वह घरेलू कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। करीब छह माह पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे सोने-चांदी के जेवरात, करीब 2.50 लाख रुपये तथा 50 हजार रुपये नकद भी ले लिए और जल्द लौटाने का आश्वासन दिया। जब महिला ने शादी करने की बात कही तो आरोपी लगातार उसे टालता रहा।
प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि 3 अगस्त 2026 की शाम आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह पहले से शादीशुदा है तथा उसके बच्चे भी हैं। इसके साथ ही उसने रुपये और जेवर वापस देने से भी मना कर दिया। महिला का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।
पीड़िता का कहना है कि वह पहले कोतवाली नगर में शिकायत करने गई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
मामले पर सीओ सिटी कृतिका सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रार्थना पत्र के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
