एटा में शराब पीने से दो लोगों की मौत, एक गंभीर
एटा के अवागढ़ में ठेके से खरीदी शराब पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान आगरा में दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

उत्तर प्रदेश के एटा जनपद अंतर्गत अवागढ़ थाना क्षेत्र के मीसा कलां गांव में कथित तौर पर शराब पीने से बीमार पड़े लोगों को अस्पताल ले जाते परिजन।
जनपद एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के मीसा कलां गांव में शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही गांव के दो लोगों की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। अवागढ़ थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार राकेश पुत्र मानसिंह उम्र 45 वर्ष, नरसिंह पाल पुत्र रोशन लाल उम्र 59 वर्ष और रंजीत पुत्र सुभाष उम्र 35 वर्ष ने एक साथ ठेके से शराब खरीदी थी। तीनों ने एक प्लॉट पर बैठकर शराब पी। शराब पीने के कुछ देर बाद अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ गई। दो लोग मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन तीनों को इलाज के लिए आगरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों मृतकों के शव वापस एटा लेकर आए।
घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि सुबह तीनों लोग एक पौआ शराब लेकर आए थे। शराब पीने के बाद अचानक तीनों की हालत बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े। उन्होंने बताया कि शराब कहां से खरीदी गई थी, इसकी जानकारी नहीं है।
वहीं मृतक नरसिंह पाल की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश शराब लेकर आया था और उसने जबरदस्ती उनके पति को शराब पिला दी। उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद दोनों लोगों की मौत हो गई।
मामले पर थाना प्रभारी अवागढ़ अखिलेश दीक्षित ने बताया कि शराब पीने की वजह से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति की हालत सही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
