मा0 प्रधानमंत्री जी के आव्हान एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के अनुपालन में डीजल-पेट्रोल की खपत में मितव्ययता बरतने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, त्वरित तथा पर्यावरण हितैषी बनाने के उद्देश्य से जनपद एटा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासन की अभिनव कार्यशैली देखने को मिली। तहसील जलेसर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 70 प्रतिशत से अधिक जिला स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और विभिन्न शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ तहसील जलेसर में उपस्थित रहकर जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पेंशन, खतौनी, अंश निर्धारण, राजस्व तथा पुलिस विभाग से संबंधित मामलों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त प्रकरणों में गंभीरता के अनुसार टीमें मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही पारिवारिक विवादों को परिवार न्यायालय और आपसी संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाए।

ऑनलाइन माध्यम से जुड़े अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील जलेसर में कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई। इसी प्रकार तहसील अलीगंज में प्राप्त 23 प्रार्थना पत्रों में से 6 तथा तहसील एटा सदर में प्राप्त 15 प्रार्थना पत्रों में से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर जांच की जाए और शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद, उप जिलाधिकारी पीयूष रावत, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार जलेसर संदीप सिंह, नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन, खंड विकास अधिकारी जलेसर पी.एस. आनंद, ए.आर. कॉपरेटिव सतीश चंद्र, अधिशासी अधिकारी जलेसर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि शेष अधिकारी वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन जुड़े रहे।

प्रशासन की इस पहल को डीजल-पेट्रोल की बचत, पर्यावरण संरक्षण और त्वरित शिकायत निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसने समाधान दिवस की कार्यप्रणाली को नई प्रभावशीलता प्रदान की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story