एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर स्थित लड़सिया गांव के पास अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर के बीच भीषण आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में बंट गया, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना में रोडवेज बस चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि बस में सवार यात्रियों और ट्रैक्टर चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर सुर्देश पुत्र तोक सिंह निवासी लड़सिया, कोतवाली अलीगंज, जनपद एटा का है। दुर्घटना के समय ट्रैक्टर को नीरज पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी लड़सिया चला रहे थे। नीरज ट्रॉली लेकर नगला किस्स गांव धान की रोपाई के लिए मजदूर लेने जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 78 जेटी 1571 की ट्रैक्टर से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

दुर्घटना में रोडवेज बस चालक नरेश पाल (40), निवासी डोटली, थाना सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस को हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

हादसे के बाद घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में ट्रैक्टर के तीन हिस्सों में टूटे होने और रोडवेज बस के अगले हिस्से के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर की टक्कर हुई है। रोडवेज बस चालक को मामूली चोट आई थी, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर सुर्देश पुत्र तोक सिंह का है और उसे नीरज पुत्र रघुवीर सिंह चला रहे थे, जो नगला किस्स गांव धान की रोपाई के लिए मजदूर लेने जा रहे थे। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले पर एटा एआरएम नरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि हादसा किस वजह से हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story