एटा में खड़े ट्रक से टकराई रोडवेज बस, हादसे में 13 यात्री घायल
अलीगंज क्षेत्र के हत्सारी चौराहे पर हुआ हादसा, फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी बस; चालक को पुलिस ने लिया हिरासत में

एटा जनपद के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र स्थित हत्सारी चौराहे पर हादसे का शिकार हुई एटा डिपो की क्षतिग्रस्त रोडवेज बस।
एटा जनपद के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में मंगलवार को एटा-कायमगंज रोड स्थित हत्सारी चौराहे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को थाने पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार एटा डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 78 एलएन 2747 फर्रुखाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान हत्सारी चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या यूपी 83 एफटी 1013 में बस पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाबूराम, सुदामा देवी, सरोजिनी, राधा, विनीता, अनिकेत, संध्या, राजवीर, कनिष्का, जसोदा, अनुज, शिवम और अजब सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बस में सवार एटा निवासी योगेश ने आरोप लगाया कि चालक मोबाइल चलाते हुए पीछे बैठी सवारियों से बातचीत कर रहा था। वहीं कुछ यात्रियों ने बस का स्टेरिंग फेल होने की आशंका भी जताई।
दूसरी ओर चालक दुष्यंत पुत्र रामलड़ते निवासी मलावन, जनपद एटा ने बताया कि सामने से आ रहे डंपर को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई।
थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोडवेज बस और चालक को थाने लाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद एटा-कायमगंज रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
