जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सराय अड्डा के निकट सड़क पार कर रहे एक ऑटो चालक को तेज रफ्तार अज्ञात वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रेफर किए जाने के बाद निजी वाहन से फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय जगवीर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी ग्राम बिठारा, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। जगवीर सिंह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह लगभग चार बजे सराय अड्डा के पास हुआ। बताया गया कि जगवीर सिंह सड़क पार कर रहे थे, तभी मैनपुरी की ओर से तेज गति से आ रही एक वैगनआर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर काफी दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शी भोला ने बताया कि कार अत्यधिक गति से चल रही थी और टक्कर के बाद चालक बिना रुके अलीगंज कस्बे के गांधी चौराहा की दिशा में निकल गया। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी मदद से वाहन और चालक की पहचान संभव हो सकती है।

हादसे के बाद घायल जगवीर सिंह को उनके साथी ऑटो चालक नरोत्तम ने अपने ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद उन्हें निजी वाहन से फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण जगवीर सिंह की जान नहीं बचाई जा सकी।

मामले में कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर फरार वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

जगवीर सिंह की असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र के ऑटो चालकों और ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से उत्पन्न होने वाले खतरे और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोग दुर्घटना स्थल पर प्रभावी यातायात सुरक्षा उपाय लागू किए जाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story