एटा में 13वीं अंतर्जनपदीय मलखंभ प्रतियोगिता का समापन, मेजबान एटा की टीम बनी विजेता
आगरा जोन की अंतर्जनपदीय मलखंभ प्रतियोगिता में मथुरा को हराकर एटा की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि एटा के आयुष सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।

एटा पुलिस लाइन में आयोजित 13वीं अंतर्जनपदीय मलखंभ प्रतियोगिता में एसएसपी डॉ. इलामारन जि. विजेता एटा पुलिस टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित करते हुए।
एटा में पुलिस लाइन में आयोजित आगरा जोन की 13वीं अंतर्जनपदीय मलखंभ प्रतियोगिता-2026 का 16 अक्टूबर को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। जनपद एटा की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में एटा की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मथुरा की टीम उपविजेता रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
समापन समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल भावना और अनुशासन किसी भी खिलाड़ी के जीवन के दो सबसे मजबूत स्तंभ हैं। अनुशासन के बिना प्रतिभा अधूरी है। खेल का मैदान टीम भावना, धैर्य, साहस और नेतृत्व करना सिखाता है। मैदान में सीखे गए सबक जीवन के हर संघर्ष में जीत दिलाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी मैदान पर अनुशासित रहता है, वही जीवन में सफल होता है।
आगरा जोन के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कासगंज और एटा की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एटा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मथुरा की टीम उपविजेता रही।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में जनपद एटा के कांस्टेबल आयुष ने सर्वांग सर्वोत्तम खिलाड़ी का सम्मान प्राप्त किया। व्यक्तिगत प्रतियोगिता में भी आयुष ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, जनपद एटा के कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल उमेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समारोह में सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों से व्यक्ति में प्रतिस्पर्धा, एकता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है, जो पुलिस सेवा में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर श्री संकल्पदीप कुशवाह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री किशन लाल गौतम सहित अन्य अधिकारीगण, पुलिसकर्मी, प्रतिभागी खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन पर खेल भावना और अनुशासन के महत्व को रेखांकित करते हुए यह संदेश दिया गया कि जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है, जिसे सच्चे खिलाड़ी के धर्म के रूप में देखा जाता है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
