जनपद एटा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब स्कूटी से घर लौट रही दो सहेलियों ने कार सवार पुलिसकर्मियों पर पीछा करने, टक्कर मारने और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाते हुए जीटी रोड पर जमकर हंगामा कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित युवतियों के अनुसार वे रोडवेज बस स्टैंड से अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से एक कार लगातार हॉर्न बजाते हुए उनका पीछा करने लगी। युवतियों ने कार सवारों से रास्ता खाली होने की बात कहते हुए आगे निकल जाने को कहा, लेकिन आरोप है कि कार चालक लगातार उनके पीछे चलता रहा। वी-मार्ट के पास कार द्वारा उनकी स्कूटी में टक्कर मारने का भी आरोप लगाया गया। विरोध करने पर कार सवारों ने अभद्रता की और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया।

इसी दौरान एक युवती ने कथित तौर पर कार सवार अधेड़ युवक का पुलिस पहचान पत्र छीन लिया, जिसमें नाम धर्मेन्द्र सिंह बताया गया है। युवतियों का आरोप है कि कार सवार पुलिसकर्मी सादा वर्दी में थे और शराब के नशे में दिखाई दे रहे थे। घटना के बाद जीटी रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई, जहां राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भी पुलिसकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई।

सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। बताया जा रहा है कि कार में सवार पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर राहुल वालियान और हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह शामिल थे, जो एटा जनपद में ही तैनात हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आया है और अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर प्राप्त होने पर जांच कर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एटा के अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले में प्रथम दृष्टया जांच की गई, जिसके आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर इलमारन जी ने दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

इस पूरे घटनाक्रम में जहां एक ओर युवतियों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं दूसरी ओर वायरल वीडियो और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story