एटा: पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
अलीगंज थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और दोनों पर 25 हजार का इनाम था।

तस्वीर में एटा के अलीगंज में पुलिसकर्मी घेराबंदी कर घटनास्थल की जांच करते दिख रहे हैं。
एटा के अलीगंज में शुक्रवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान फायरिंग कर भाग रहे दो इनामी बदमाशों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे थाना अलीगंज की पुलिस टीम ग्राम नगला किस्स के पास एटा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एटा की ओर से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग करते हुए कैल्ठा रोड की तरफ भाग निकले।
कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की ओर भागे बदमाश
पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए वे कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की तरफ मुड़ गए। कुछ दूरी आगे जाने के बाद उन्होंने मोटरसाइकिल कच्चे रास्ते पर उतार दी। इसी दौरान अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक गिरने के बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से दोबारा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग के बाद टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। घायल बदमाश की पहचान रामपाल उर्फ रामवीर निवासी कासगंज के रूप में हुई।
दूसरे बदमाश को पीछा कर पकड़ा
मुठभेड़ के दौरान दूसरा बदमाश मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिजेन्द्र उर्फ बागड़ी निवासी कासगंज बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद हुए।
इसके अलावा 315 बोर के चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस मिले। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की एक अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये नकद भी बरामद किए।
पूछताछ में अलीगंज क्षेत्र की चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उन्होंने थाना अलीगंज क्षेत्र में पहले चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस अब आरोपियों से जुड़ी अन्य घटनाओं और उनके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि रामपाल उर्फ रामवीर और बिजेन्द्र उर्फ बागड़ी दोनों पहले से वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी का जिला चिकित्सालय में उपचार कराया जा रहा है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अलीगंज रुपेश कुमार वर्मा मय पुलिस टीम शामिल रही।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह की बाइट भी जारी की गई है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
