एटा में पुलिस मुठभेड़: लाइसेंसी बंदूक चोरी का आरोपी गोली लगने से घायल, दो साथी भी गिरफ्तार
एटा के अवागढ़ में लाइसेंसी बंदूक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। किला बाईपास पर मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ। पुलिस ने चोरी की बंदूक, तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद की।

एटा के अवागढ़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी का इलाज कराते और बरामदगी स्थल की जांच करते अधिकारी।
एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में करीब 25 दिन पहले घर से लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात किला बाईपास रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नेकसे पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथियों को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक, अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 1590 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को नगला भूरा निवासी अरविंदर पुत्र सत्येंद्र ने थाना अवागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके मकान से सिंगल बैरल लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 170/2026 के तहत धारा 305/331(2) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ईलामारन ने पुलिस टीमों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।
पुलिस के मुताबिक, 4 और 5 नवंबर की मध्यरात्रि थाना अवागढ़ पुलिस किला बाईपास रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें नेकसे पुत्र बलवीर निवासी पेसोई, थाना सोरों, जनपद कासगंज के दाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
मौके से उसके दो अन्य साथियों बबलू पुत्र अमर सिंह निवासी नगला भवानी, थाना अवागढ़ और विपिन पुत्र मुन्नालाल निवासी पेसोई, थाना सोरों, जनपद कासगंज को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 25 दिन पहले नगला भूरा गांव के एक मकान से लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल और 1590 रुपये भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नेकसे का कासगंज और एटा जनपद के विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, चोरी का माल बरामद होने तथा आयुध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल दस मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी विपिन के खिलाफ कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा और पटियाली थानों में चोरी तथा अन्य धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी बबलू के आपराधिक इतिहास के संबंध में पुलिस प्रेसनोट में कोई विवरण नहीं दिया गया है।
मुठभेड़ में घायल नेकसे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह मय पुलिस टीम, प्रभारी सर्विलांस सुशील लांबा मय टीम तथा प्रभारी एसओजी श्रवण कुमार निगम मय टीम शामिल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने भी मामले में जानकारी दी।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
