एटा में ऑपरेशन CY-VAJRA के तहत थाना जैथरा पुलिस, जनपदीय साइबर सेल और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से साइबर फ्रॉड के ₹40,000 नकद, एक एटीएम कार्ड, एक बैंक INSTA KIT स्लिप तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन CY-VAJRA के तहत साइबर मुख्यालय से प्राप्त डिस्ट्रिक्ट इंटैलीजेन्स पैक के आधार पर संदिग्ध म्यूल बैंक खातों का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर थाना जैथरा में मु0अ0सं0 233/2026, धारा 317(5), 317(2) एवं 49 बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधियों और म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम श्री योगेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज श्री राजेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सकीट/साइबर श्री नीतीश गर्ग के निकट पर्यवेक्षण में थाना जैथरा पुलिस, जनपदीय साइबर सेल और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना जैथरा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 233/2026 का सफल अनावरण किया।



दिनांक 18.07.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजकीय महाविद्यालय तरगवां के पास से नितेश बाबू पुत्र रामवीर निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, कस्बा व थाना जैथरा, जिला एटा तथा सोभित चौहान उर्फ कल्लू पुत्र राजू चौहान निवासी ग्राम सड़क मोर्चा, थाना जैथरा, जिला एटा को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से ₹40,000 नकद, एक एटीएम कार्ड, एक बैंक INSTA KIT स्लिप तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त जांच के दौरान साइबर मुख्यालय से प्राप्त District Intelligence Pack के आधार पर संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की NCRP एवं समन्वय पोर्टल पर जांच की गई। इस दौरान हैदराबाद निवासी एक पीड़ित की साइबर शिकायत सामने आई। जांच में पता चला कि पीड़ित को CBI अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया गया और साइबर ठगी की गई धनराशि में से ₹8 लाख अभियुक्त नितेश बाबू के बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे।

प्रकरण के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम ने बैंक स्टेटमेंट, चेक, KYC अभिलेख, बैंकिंग लेनदेन, SBI जैथरा एवं SBI अलीगंज शाखा की CCTV फुटेज, स्थानीय सत्यापन, CDR तथा अन्य तकनीकी विश्लेषण किए। विवेचना में यह प्रमाणित हुआ कि खाते में प्राप्त पूरी धनराशि अभियुक्त नितेश बाबू ने अपने साथी सोभित चौहान उर्फ कल्लू के साथ उसी दिन दो चेकों के माध्यम से ₹4.80 लाख एवं ₹3.20 लाख की निकासी कर ली थी। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर दोनों अभियुक्तों की पहचान स्थापित की गई और उनकी संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद लगातार तकनीकी एवं भौतिक निगरानी रखते हुए साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद सुनियोजित कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के म्यूल खातों में विभिन्न माध्यमों से साइबर फ्रॉड की धनराशि आती थी। इसके बाद खाताधारक अथवा अभियुक्त बैंक से चेक या एटीएम के माध्यम से नकद निकासी कर धनराशि गिरोह के सदस्यों में बांट लेते थे।

पुलिस ने बताया कि विवेचना, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनके विरुद्ध साक्ष्य संकलित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्यरत हैं। साथ ही अभियुक्तों के अन्य बैंक खातों और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई को थाना जैथरा के थानाध्यक्ष श्री सुनील कुमार वर्मा एवं उनकी टीम, जनपदीय साइबर सेल के प्रभारी श्री दीक्षित कुमार एवं उनकी टीम तथा एसओजी प्रभारी श्री श्रवण निगम एवं उनकी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

एटा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक अथवा बैंकिंग किट किसी अन्य के उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल कर धनराशि ट्रांसफर कराने का दावा करने वाला कोई भी व्यक्ति ठग हो सकता है। ऐसी किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story