महिला के घर आधी रात डकैती का खुलासा, 40-50 हजार की उम्मीद में घुसे थे पांच बदमाश
जसरथपुर में महिला के घर डकैती का पुलिस ने खुलासा किया। 40-50 हजार रुपये की उम्मीद में घुसे पांच बदमाशों ने मारपीट कर बाली और छह हजार रुपये लूटे। तीन आरोपी और बाली खरीदने वाला गिरफ्तार, तीन फरार हैं।

तस्वीर में जसरथपुर थाना पुलिस और गिरफ्तार किए गए आरोपी नजर आ रहे हैं।
जसरथपुर थाना क्षेत्र में 21/22 अगस्त की रात महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पांच बदमाशों ने पहले शराब पीकर डकैती की योजना बनाई थी। उन्हें उम्मीद थी कि महिला के घर से 40-50 हजार रुपये मिलेंगे, लेकिन रकम नहीं मिलने पर उन्होंने महिला के साथ मारपीट की और उसके कानों से बालियां उतरवा लीं। इसके बाद दुकान के गल्ले में रखे छह हजार रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य अभी वांछित हैं। लूटी गई बाली खरीदने वाले ऋतिक वर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
22 अगस्त को महिला ने थाना जसरथपुर में तहरीर देकर बताया था कि 21/22 अगस्त की रात कुछ लोग चोरी करने के इरादे से उसके घर में घुस आए थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों के पहुंचने के डर से आरोपी सामान लेकर फरार हो गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना और बरामदगी के दौरान पुलिस के सामने वारदात की पूरी तस्वीर सामने आई। पुलिस के मुताबिक, यह मामला केवल चोरी के प्रयास का नहीं था, बल्कि महिला से मारपीट कर नकदी और जेवर लूटने का था। इसके बाद मुकदमे में डकैती से संबंधित धारा 310(2) और लूटी गई संपत्ति से संबंधित धारा 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संतोष पाठक और शिशुपाल गुरुग्राम में नौकरी करते थे और घटना से कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे। संतोष ने गांव में जलेबी-समोसे की दुकान खोली थी। 21 अगस्त की शाम उसने शिशुपाल और अपने तीन अन्य साथियों शिवम, विष्णु तथा अवध पाल को दुकान पर बुलाया। पुलिस का दावा है कि पांचों ने दुकान पर शराब पी। नशे में संतोष ने साथियों को बताया कि गांव में एक घर में महिला अपने बच्चों के साथ अकेली रहती है और वहां 40-50 हजार रुपये मिलने की उम्मीद है। इसके बाद पांचों ने रात में घर में घुसकर वारदात करने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, रात में पांचों आरोपी महिला के घर पहुंचे। विष्णु घर से सटे खंभे के सहारे छत पर चढ़ा और नीचे आकर घर की कुंडी खोल दी। इसके बाद सभी आरोपी घर के अंदर दाखिल हो गए। शिशुपाल जीने के पास खड़ा रहा, जबकि अन्य आरोपी रुपये और कीमती सामान तलाशने लगे।
काफी तलाश के बाद भी जब आरोपियों को कोई बड़ी रकम नहीं मिली तो उन्होंने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, डर के कारण महिला ने अपने कानों से दोनों बालियां उतारकर आरोपियों को दे दीं। मारपीट के दौरान एक बाली वहीं गिर गई, जबकि दूसरी बाली और दुकान के गल्ले में रखे छह हजार रुपये आरोपी लूटकर ले गए।
महिला ने मौका पाकर शोर मचा दिया। ग्रामीणों के आने के डर से आरोपी लूटा हुआ सामान लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ जनपदीय स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि संतोष ने लूटी गई बाली अपनी पहचान के ऋतिक वर्मा को 9200 रुपये में बेच दी थी। पुलिस ने बाली खरीदने के आरोप में ऋतिक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बाली बेचकर मिले 9200 रुपये और गल्ले से लूटे गए छह हजार रुपये आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे।
पुलिस ने मामले में संतोष पाठक पुत्र रामलड़ैते पाठक निवासी महाराजपुर थाना जसरथपुर, शिशुपाल पुत्र जिलेदार निवासी कलिन्जर थाना अलीगंज और ऋतिक वर्मा पुत्र अशोक वर्मा निवासी किशनगंज, निकट बारहद्वारी मंदिर, थाना जैथरा को गिरफ्तार किया है।
घटना में शामिल शिवम पुत्र बलवीर सिंह निवासी चुलावली थाना टूंडला, विष्णु पुत्र नामालूम निवासी इटावा और अवध पाल पुत्र नामालूम निवासी नोली थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद अभी फरार हैं। पुलिस ने तीनों को वांछित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक कान की बाली पीली धातु और 2250 रुपये बरामद किए हैं। मामले में विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा योगेंद्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना जसरथपुर पुलिस, जनपदीय स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी जसरथपुर निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय मय टीम, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक श्रवण कुमार निगम मय टीम और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लांबा मय टीम शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई से वारदात में शामिल तीन आरोपियों और लूटी गई बाली खरीदने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है, जबकि तीन वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
