प्रेमिका से मिलने पहुंचा सेल्समैन बना हत्याकांड का आरोपी, 11 दिन बाद एटा पुलिस ने खोला ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज राज
एटा के साडरपुर में हुए चर्चित आशीष हत्याकांड का 11 दिन बाद खुलासा। प्रेमिका से मिलने पहुंचे सेल्समैन ने पकड़े जाने और पिटाई के डर में चलाई गोली। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एटा में आशीष हत्याकांड का खुलासा करने के बाद आरोपी किशोर (पीछे बाएं से तीसरे) और बरामद असलहे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और अलीगंज पुलिस टीम।
जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम साडरपुर में 9 जून की रात हुए चर्चित आशीष हत्याकांड का पुलिस ने 11 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश का परिणाम नहीं थी, बल्कि अचानक बने घटनाक्रम और पकड़े जाने के भय में की गई फायरिंग का नतीजा थी। प्रेम संबंधों के चलते गांव पहुंचा एक युवक खुद को बचाने के प्रयास में इतना घबरा गया कि उसने अवैध तमंचे से गोली चला दी, जिससे एक युवक की जान चली गई।
थाना अलीगंज पुलिस, स्वाट टीम और जनपदीय सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी किशोर पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम अमरोली थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 जून की रात ग्राम साडरपुर निवासी आशीष पुत्र रनवीर सिंह अपनी पत्नी को शौच के लिए खेतों की ओर लेकर गया था। दोनों वापस घर लौट रहे थे कि गांव के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। आशीष की पत्नी घर की ओर चली गई, जबकि आशीष ने उस व्यक्ति को रोक लिया और संदिग्ध समझकर पकड़ते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।
जांच में सामने आया कि संदिग्ध व्यक्ति किशोर था, जो गांव की एक महिला से मिलने वहां पहुंचा था। महिला से उसके अवैध संबंध बताए गए हैं और दोनों के बीच पहले से बातचीत होती थी। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर रात में मिलने की बात हुई थी। 8 जून की रात शराब का ठेका बंद करने के बाद किशोर शराब पीकर महिला से मिलने साडरपुर पहुंचा। उसने महिला को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद वह महिला के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, मगर गेट नहीं खोला गया। निराश होकर वह वापस लौटने लगा।
इसी दौरान उसकी मुलाकात आशीष से हो गई। पुलिस के मुताबिक आशीष द्वारा पकड़े जाने पर आरोपी ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। उसे आशंका हुई कि गांव वाले उसे पकड़कर मारपीट करेंगे। इसी भय और घबराहट में उसने अपने पास मौजूद अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे आशीष को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी का गांव में पहले से आना-जाना था। कुछ समय पूर्व ग्रामीणों ने उसे एक अन्य महिला के साथ पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की थी। उसी घटना के बाद उसने अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा रखना शुरू कर दिया था।
घटना के बाद थाना अलीगंज में अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना अलीगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, स्थानीय सूचना तंत्र और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि आरोपी किशोर घटना वाली रात महिला से मिलने गांव पहुंचा था। महिला द्वारा दरवाजा नहीं खोलने के बाद वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान मृतक आशीष ने उसे संदिग्ध समझकर पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने में असफल रहने और पिटाई की आशंका के चलते आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिससे आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान आरोपी के गांव में पूर्व परिचय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का सफल अनावरण किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से प्राप्त खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के साथ शस्त्र अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
करीब 11 दिनों तक पुलिस के लिए चुनौती बने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। संयुक्त पुलिस टीम की तकनीकी और मानवीय जांच के समन्वय से एक ऐसे हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
