एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नगला बंजारा गांव में गेहूं की बुवाई के लिए खेत की जुताई के दौरान मिट्टी में दबी एक नवजात बच्ची मिली। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रही बच्ची के मुंह में मिट्टी भरी हुई थी। खेत में मौजूद किसान दंपती ने उसके रोने की आवाज सुनकर तत्काल उसे मिट्टी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया। चिकित्सकों ने बच्ची को एनआईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। छह बेटों के पिता किसान दंपती ने नवजात को अपनी बेटी मानकर उसका पालन-पोषण करने की इच्छा जताई है। हालांकि, बच्ची के भविष्य का निर्णय बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) करेगी।

घटना शनिवार सुबह अलीगंज क्षेत्र के लुहारी खेड़ा गांव के नगला बंजारा की है। गांव निवासी किसान जितेंद्र सिंह ने अपने चाचा शिवराम का खेत बटाई पर ले रखा है। शनिवार सुबह खेत में गेहूं की बुवाई की तैयारी के लिए जुताई कराई जा रही थी। इस दौरान उनकी पत्नी रीना देवी भी खेत पर मौजूद थीं। रीना देवी के मुताबिक, सुबह घना कोहरा छाया हुआ था और कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। इसी बीच खेत की जुताई के दौरान अचानक नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर दंपती उस दिशा में पहुंचे तो मिट्टी में दबी बच्ची दिखाई दी। उन्होंने आनन-फानन में उसे बाहर निकाला। बच्ची का पूरा शरीर मिट्टी से सना हुआ था और उसके मुंह में भी मिट्टी भरी हुई थी। यह देखकर दंपती घबरा गए। उन्होंने बिना देर किए बच्ची को घर पहुंचाया और फिर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में तैनात चिकित्सक डॉ. श्वेता राजपूत ने बताया कि नवजात बच्ची को महिला अपने परिजनों और राजा का रामपुर पुलिस की मदद से अस्पताल लेकर पहुंची थी। चिकित्सकीय परीक्षण में बच्ची हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान सामान्य से काफी कम होने की समस्या से पीड़ित मिली। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एनआईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ है। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को भी दे दी गई है।

छह बेटों के बाद बेटी मिलने की उम्मीद ने रीना देवी को भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके छह बेटे हैं और परिवार में एक भी बेटी नहीं है। बेटी की चाहत हमेशा से रही है। रीना देवी ने भावुक होकर कहा कि उन्हें लगता है कि ईश्वर ने इस नवजात बच्ची को उनके लिए ही भेजा है। वह उसे अपनी लाडली की तरह रखना और उसका पालन-पोषण करना चाहती हैं। उनके इस फैसले से परिवार भी भावुक है। मिट्टी में दबी मिली बच्ची को नया जीवन मिलने के बाद दंपती उसे अपनी बेटी के रूप में देख रहे हैं।

वहीं, बच्ची के संरक्षण और भविष्य को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि अस्पताल से नवजात बच्ची को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया जाएगा। समिति के निर्देशानुसार उसके संबंध में आगे की कानूनी और संरक्षण संबंधी कार्रवाई की जाएगी। तब तक बच्ची चाइल्ड हेल्पलाइन के संरक्षण में रहेगी। बच्ची के भविष्य और सुरक्षित संरक्षण को लेकर अंतिम निर्णय बाल कल्याण समिति के स्तर से लिया जाएगा।

इस घटना ने एक साथ कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वह कौन है, जिसने नौ महीने अपनी कोख में रखने के बाद नवजात बच्ची को खेत की मिट्टी में मरने के लिए छोड़ दिया? घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच मिट्टी में दबी मासूम जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। उसके मुंह में मिट्टी भरी हुई थी। यदि समय रहते किसान दंपती को उसके रोने की आवाज नहीं सुनाई देती तो उसकी जान भी जा सकती थी।

फिलहाल बच्ची को खेत में किसने छोड़ा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और बाल संरक्षण विभाग की जांच के बाद ही इस मामले का खुलासा हो सकेगा। बच्ची को किन परिस्थितियों में इस हाल में छोड़ा गया और उसे जन्म देने वाले परिवार की पहचान क्या है, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

एक ओर नवजात को खेत में बेसहारा छोड़ दिया गया, वहीं दूसरी ओर किसान जितेंद्र सिंह और उनकी पत्नी रीना देवी ने उसे मिट्टी से निकालकर नया जीवन दिया और अपनी बेटी की तरह पालने की इच्छा जताई। अब बच्ची की सेहत के साथ उसके सुरक्षित भविष्य पर सबकी निगाहें टिकी हैं। बाल कल्याण समिति के समक्ष पेशी के बाद ही उसके संरक्षण और आगे की व्यवस्था को लेकर अगला फैसला होगा।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story