एटा: नवागत DM एम. अरुन्मोली ने संभाला पदभार, कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों की सूची मांगी और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से परिचय पत्र पहनने के निर्देश दिए।

तस्वीर में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एटा कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर अधिकारियों के साथ पैदल निरीक्षण करती दिख रही हैं।
एटा, 23 सितंबर 2026। नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कल देर रात्रि कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को शासकीय कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित होने के बाद संबंधित अधिकारियों से सामान्य परिचय प्राप्त किया और कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान फौजदारी, न्याय अनुभाग, शस्त्र अनुभाग, भू-अर्जन, नजारत, संयुक्त कार्यालय, राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटल एवं न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों में लंबित प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि लंबित कार्यों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
विभिन्न पटलों पर कार्यरत पटल सहायकों से जिलाधिकारी ने उनके दायित्व एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पटल पर संबंधित पटल सहायक का नाम, आवंटित कार्य एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, जिससे आमजन एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित परिचय पत्र के साथ अपने पटल पर उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करें। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन कर उनके रख-रखाव एवं अभिलेखीय व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय एवं सभागार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
