एटा के थाना नयागांव पुलिस ने ढाई माह पूर्व हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके विरुद्ध एटा, मैनपुरी और कन्नौज जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा इलामारन जी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार, 24 जुलाई को थाना नयागांव पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रजपुरा स्थित खंडहर बारातघर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से थाना नयागांव पर दर्ज मुकदमा संख्या 50/2026 से संबंधित चोरी का नीले रंग का Motorola Moto G85 मोबाइल, एक जोड़ी झाले (पीली धातु), एक अंगूठी (पीली धातु), एक करधनी (सफेद धातु) तथा एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने घटना के वादी को मौके पर बुलाकर बरामद मोबाइल और जेवरात की पहचान कराई। वादी ने बरामद सभी सामान को अपना चोरी गया माल बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब ढाई माह पहले उन्होंने थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम रामनगर में एक मकान में रात के समय चोरी की थी। चोरी के बाद मोबाइल और जेवरात अपने पास रख लिए थे। शुक्रवार को दोनों चोरी के सामान का आपस में बंटवारा करने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेक्सू उर्फ सूरज पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा तथा विमलेश पुत्र फूल सिंह निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नेक्सू उर्फ सूरज एक शातिर एवं आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध एटा, मैनपुरी और कन्नौज के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, चोरी का माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

बरामद सामान में एक नीले रंग का Motorola Moto G85 टच मोबाइल, एक जोड़ी झाले (पीली धातु), एक अंगूठी (पीली धातु), एक करधनी (सफेद धातु) तथा एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) शामिल हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आर.के. सिंह, उपनिरीक्षक मनीन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दीपक दोहरे, कांस्टेबल रोहित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल कुशल, निर्दोष तथा फईम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण अभियान की बड़ी सफलता बताया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story