एटा में स्नातक निर्वाचन केंद्रों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, मतदाता सूची सुधारने के निर्देश
निष्पक्ष चुनाव और त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए डीएम एम. अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज और डीएवी कॉलेज के बूथों का निरीक्षण किया।

एटा में विधान परिषद सामान्य निर्वाचन-2026 और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्रों की व्यवस्था का जायजा लेते जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
एटा में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए स्नातक निर्वाचन के बूथ संख्या के कक्ष संख्या-1 और 2 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र युवाओं और मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए।
17 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा मतदान केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित केंद्र पर दो बूथ बनाए गए हैं। इनमें कक्ष संख्या-1 पर 1,020 और कक्ष संख्या-2 पर 1,142 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 103-अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या-204 से 208 तक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से एप के माध्यम से फार्म संख्या-6 एवं 7 भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के साथ आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों का नियमानुसार सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो उसे नियमानुसार तत्काल जोड़ने की कार्यवाही पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, एसडीएम डॉ. शशिशेखर, सीओ अलीगंज राजेश सिंह, तहसीलदार और संबंधित बूथों के बीएलओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
