एटा सामूहिक विवाह में 279 जोड़ों की शादी, 14 निकाह भी संपन्न
योजना के तहत प्रति जोड़े एक लाख रुपये की सहायता, 64 हजार सीधे खाते में और शेष से गृहस्थी सामग्री दी गई।

एटा सामूहिक विवाह में 279 जोड़ों को एक लाख रुपये की सहायता, 64 हजार खाते और शेष सामान मिला।
एटा के जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान सामाजिक समरसता की तस्वीर देखने को मिली। एक ही आयोजन स्थल पर कहीं वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया तो कहीं काजी ने मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। इस समारोह में कुल 279 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें 14 अल्पसंख्यक समुदाय के जोड़ों के निकाह की व्यवस्था की गई थी।
शासन के निर्देशों के अनुरूप समारोह में सभी विवाह और निकाह की रस्में व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराई गईं। हिंदू जोड़ों के विवाह के लिए प्रत्येक जोड़े के साथ अलग पंडित और अलग वेदी की व्यवस्था की गई थी। वहीं मुस्लिम जोड़ों के निकाह के लिए काजी नियुक्त किए गए, जिन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार निकाह की रस्म पूरी कराई।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवदंपती को एक लाख रुपये की सहायता देने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं। शेष धनराशि से नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाता है। इसमें साड़ी, कपड़े, कंबल, गद्दे सहित दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है।
समारोह में नवदंपतियों के साथ पहुंचे परिजनों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया। उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई। सभी को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ लंच पैकेट भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देना और उन्हें सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत का अवसर प्रदान करना है। एटा के इस आयोजन में अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह और निकाह संपन्न कराए जाने के साथ सामाजिक समरसता का संदेश भी सामने आया।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
