एटा: जमीन विवाद में घर में घुसकर महिलाओं पर हमला, चार पर केस
जसरथपुर थाना क्षेत्र के नगला बहादुर गांव की घटना, सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

एटा के जसरथपुर में जमीन विवाद के बाद घर में घुसकर महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला करने का वायरल वीडियो।
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में जमीन विवाद को लेकर एक महिला और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। थाना जसरथपुर क्षेत्र में आरोप है कि चार लोगों ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। महिला को बचाने पहुंची उसकी ननद और सास को भी आरोपियों ने निशाना बनाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना जसरथपुर क्षेत्र के नगला बहादुर निवासी सरिता देवी पत्नी धनराज ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके परिवार का पड़ोस में रहने वाले अखिलेश पुत्र लालाराम, संजीव पुत्र लालाराम, अर्पित पुत्र संजीव और अमन पुत्र अखिलेश के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
सरिता देवी के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर काम कर रही थीं और पशुओं के लिए खूंटे गाड़ रही थीं। इसी दौरान चारों आरोपी वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी ननद शिखा और सास रामरानी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में सरिता के सिर में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।
घटना के बाद पीड़िता के पति धनराज ने भी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। उनकी मां और बहन जब सरिता को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की।
मामले में थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मेडिकल परीक्षण कराने के बाद चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद से शुरू हुई इस घटना में एक ही परिवार की तीन महिलाओं के साथ मारपीट के आरोपों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
