एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र में दोस्त की सगाई की खुशी में आयोजित पार्टी तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गई। गांव किशोरपुर में कथित तौर पर शराब और भांग का सेवन करने के बाद तीन युवाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आने लगे और वे सड़क पर गिर पड़े। कुछ ही देर में तीनों बेहोश हो गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किशोरपुर निवासी अजीत (18), जीतू (20) और शिवकुमार (19) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। गांव के ही उनके एक अन्य दोस्त लोकेंद्र की शादी तय हुई थी और बुधवार को उसकी सगाई का कार्यक्रम था। इसी खुशी में बुधवार शाम तीनों दोस्त गांव के प्राथमिक विद्यालय में एकत्र हुए और वहां अंग्रेजी शराब का सेवन किया। पुलिस को घटनास्थल से अंग्रेजी शराब की दो बोतलें और भांग की गोलियां मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने शराब के साथ भांग का भी सेवन किया था।

शराब पीने के बाद तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर वहां से निकले। प्राथमिक विद्यालय से करीब 500 मीटर दूर पहुंचते ही उन्हें चक्कर आने लगे और बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दूधिया सिंटू ने तीनों को गिरते हुए देखा। सिंटू के अनुसार, शिवकुमार लड़खड़ा रहा था। उसने शराब पीने की बात स्वीकार करते हुए दवा दिलाने की अपील भी की थी। इसके बाद सिंटू ने अजीत और जीतू को पास में पड़ी चारपाई पर लिटा दिया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद शिवकुमार की भी तबीयत बिगड़ी और वह भी गिर पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। तीनों युवकों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निधौली कलां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजनों को चिकित्सकों की इस पुष्टि पर विश्वास नहीं हुआ और वे तीनों युवकों को पिलुआ स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां भी जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

मृतकों में अजीत (18) पुत्र चंद्रपाल शामिल था, जो महाराष्ट्र के नासिक में टमाटर बेचने का काम करता था और इन दिनों घर आया हुआ था। दूसरा मृतक जीतू (20) पुत्र लेखराज था, जो नासिक में शटरिंग का काम करता था। वहीं, तीसरा युवक शिवकुमार (19) पुत्र दुर्विजय था, जो कक्षा 12 का छात्र था और आगामी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

तीन युवाओं की एक साथ मौत की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इलामारन जि. और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पांडेय सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल गांव किशोरपुर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और ग्रामीणों तथा मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मौके से अंग्रेजी शराब की बोतलें और भांग की गोलियां जब्त की हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती तौर पर अत्यधिक शराब और भांग के मिश्रण का सेवन करने से विषाक्तता होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तीनों युवाओं की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। निधौली कलां पुलिस मामले की जांच कर रही है और सगाई समारोह में शामिल लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, एक ही पार्टी के बाद तीन युवाओं की संदिग्ध मौत ने किशोरपुर गांव को सदमे में डाल दिया है।

Om Prakash Pal

Om Prakash Pal

नाम: ओम प्रकाश पाल

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार

कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)

पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष

परिचय एवं अनुभव 

ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।

एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।

विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:

  • अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
  • शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
  • हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।

राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता 

  • स्नातक (Graduate)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
  • साहित्य रत्न
  • कृषि विशारद

Next Story