एटा: जैथरा के आरआरसी सेंटर में लाखों की चोरी, सामान समेट ले गए चोर
एटा के गांव भमौरा में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अल्टीनेटर, बैटरी और कैमरा समेत लाखों का सामान पार किया, पुलिस जांच में जुटी।

एटा जनपद के जैथरा क्षेत्र अंतर्गत गांव भमौरा स्थित आरआरसी सेंटर, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अल्टीनेटर और अन्य उपकरणों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
एटा जनपद के जैथरा क्षेत्र अंतर्गत गांव भमौरा में अज्ञात चोरों ने आरआरसी सेंटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना में केंद्र में रखे दो अल्टीनेटर, एक बैटरी, एक कैमरा, झटका मशीन तथा दो सिलेंडर चोरी कर लिए गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजमोहन ने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा केंद्र में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पूर्व भी पूर्व प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसमें एमडीएम का पूरा सामान चोरों द्वारा साफ कर दिया गया था, लेकिन उस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसी कारण चोरों के हौसले और अधिक बुलंद होते गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात किसी समय चोरों ने आरआरसी सेंटर में रखे एक अल्टीनेटर और एक जनरेटर से संबंधित उपकरण खोलकर भी ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।
मामले को लेकर थाने पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस द्वारा आश्वासन दिया गया है, हालांकि ग्रामीणों ने कार्रवाई को लेकर संशय जताया है।
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना और गहराती जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
