एटा (अलीगंज)। सोशल मीडिया के आभासी प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी आखिरकार मां की ममता के आगे घुटने टेकने पर मजबूर हो गई। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र का यह बेहद भावुक मामला इन दिनों पूरे इलाके में जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है। चार मासूम बच्चों को बेसहारा छोड़कर अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हुई एक महिला उस समय आत्मग्लानि और वात्सल्य से भर उठी, जब अलीगंज थाने के भीतर बच्चों ने बिलखते हुए अपनी मां का हाथ पकड़ लिया और उससे घर लौट चलने की गुहार लगाने लगे। मासूम बच्चों की दर्दभरी सिसकियां और रुदन सुनकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों सहित हर राहगीर की आंखें नम हो गईं।

घटनाक्रम के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कुछ दिन पूर्व स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर सूचित किया था कि उसकी पत्नी अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई है। पीड़ित पति और परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि महिला एक गैर-मर्द युवक के साथ अपनी मर्जी से चली गई है। मामले की तह में जाने पर पता चला कि दोनों की पहली पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी, जो धीरे-धीरे चैटिंग और बातचीत के माध्यम से आगे बढ़ी और अंततः दोस्ती से प्रेम संबंध में तब्दील हो गई। रूढ़िवादी और ग्रामीण परिवेश के इस परिवार को इस पूरे प्रेम प्रसंग की भनक तब लगी, जब महिला अचानक एक दिन अपने हंसते-खेलते संसार को छोड़कर लापता हो गई।

पीड़ित पति के मुताबिक, महिला घर छोड़ते समय अपने साथ किसी भी बच्चे को नहीं ले गई थी। ममता के आंचल के बिना घर का पूरा माहौल पूरी तरह से सूना हो गया था और चारों बच्चे हर पल अपनी मां को याद कर बिलख-बिलख कर रो रहे थे। छोटे-छोटे मासूम बार-बार अपने पिता और परिजनों से यही अनुत्तरित सवाल करते थे कि “मम्मी कब आएंगी?” बच्चों की यह दयनीय और मर्मस्पर्शी हालत देखकर पूरा परिवार भीतर से टूट चुका था। इस बीच परिजनों द्वारा कई बार मोबाइल फोन पर महिला से संपर्क साधकर उसे समझाने-बुझाने और वापस लौटने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और वापस आने को बिल्कुल तैयार नहीं हुई।

आखिरकार, लाचार और परेशान पति ने न्याय की आस में पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। थाना अलीगंज पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और महिला तथा संबंधित युवक से संपर्क साधा। शुरुआत में दोनों ने कानूनी कार्रवाई के डर से थाने आने से साफ इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस के कड़े रुख और निरंतर दबाव के बाद आखिरकार महिला अलीगंज थाने पहुंची। थाने में पहले से मौजूद पति ने उसे सामाजिक मान-मर्यादा, परिवार और बच्चों के भविष्य का हवाला देकर वापस लौटने के लिए मनाने की पुरजोर कोशिश की, मगर महिला अपने प्रेमी के साथ जाने के फैसले पर अड़ी रही।

इसी गहमागहमी के बीच थाने पहुंचे चारों मासूम बच्चों ने जैसे ही अपनी मां को देखा, वे उससे लिपट गए और फूट-फूटकर रोने लगे। किसी मासूम ने मां की साड़ी का पल्लू थाम लिया तो कोई उसके गले लगकर रोने लगा। मासूम बच्चों की आंखों से अविरल बहते आंसू और उनकी बेबस पुकार ने थाने के कठोर माहौल को पूरी तरह से भावुकता में बदल दिया। बच्चों की यह हालत देख वहां उपस्थित विवेचक, पुलिसकर्मी और अन्य संभ्रांत लोग भी अपनी भावनाएं नहीं रोक सके। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज और भावुक दृश्य के बाद आखिरकार मां का दिल पसीज गया और उसके भीतर की ममता जाग उठी। बच्चों के प्रेम के आगे उसका प्रेमी के साथ जाने का कठोर फैसला बदल गया और उसने अपने पति व परिवार के साथ वापस घर लौटने की लिखित हामी भर दी। महिला के इस फैसले से बच्चों के चेहरों पर खोई हुई मुस्कान लौट आई और पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।

बाइट: महिला

बाइट 2: महिला की मां

- विकास दुबे/एटा/9528126943

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story