एटा में अवैध हथियारों के साथ युवक का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
एटा पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चार वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है, जिसमें एक युवक तमंचे, कारतूस और फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर में (बाएं) अवैध तमंचे और कारतूस, (बीच में) रात के समय हवाई फायरिंग करता एक युवक और (दाएं) कैमरे की ओर देखता हुआ एक युवक दिखाई दे रहा है।
एटा में अवैध हथियारों के खुले प्रदर्शन के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल चार अलग-अलग वीडियो में एक युवक कथित तौर पर चार तमंचे, एक पिस्टल और करीब 20 कारतूस के साथ शराब पार्टी करता दिखाई दे रहा है। वहीं एक अन्य वीडियो में वही युवक हाईवे किनारे फायरिंग करता नजर आ रहा है। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में हूटर लगी कार में चार युवक दो तमंचों के साथ कहीं जाते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक अंकित यादव, ग्राम असरौली, कोतवाली देहात क्षेत्र का निवासी है। उसके विरुद्ध पहले से ही कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वायरल वीडियो कब के हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता और उनके समय की जांच में जुटी है।
खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग जैसे दृश्य कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माने जा रहे हैं। ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सार्वजनिक सुरक्षा पर खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कानून का मजाक उड़ाने वालों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
धनन्जय भदौरिया, एटा
मोबाइल : 9412282500

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
