जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के अंतर्गत आच्छादित अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों के आर्थिक बोझ को कम करने तथा राष्ट्रीय एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत जनवरी 2024 से आगामी 05 वर्ष तक, अर्थात दिसम्बर 2028 तक, अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका सम्पूर्ण व्ययभार भारत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

जारी निर्देशों के अनुसार “वन नेशन वन राशन कार्ड” योजना के अंतर्गत आच्छादित लाभार्थियों को पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत भी माह जनवरी 2024 से दिसम्बर 2028 तक निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसी क्रम में माह जून 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण दिनांक 25 मई 2026 से 10 जून 2026 के मध्य प्रातः 06 बजे से रात्रि 09 बजे तक किया जाएगा। अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किग्रा गेहूँ, 09 किग्रा चावल तथा 05 किग्रा मोटा अनाज (बाजरा/मक्का) उपलब्धतानुसार कुल 35 किग्रा खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 02 किग्रा गेहूँ, 01 किग्रा चावल तथा 02 किग्रा मोटा अनाज (बाजरा/मक्का) उपलब्धतानुसार कुल 05 किग्रा खाद्यान्न निःशुल्क वितरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के आदेशानुसार उचित दर दुकानों पर नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अपनी उपस्थिति में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराएंगे। वितरण के दौरान यदि किसी कार्डधारक का अंगूठा/अंगुली ई-पॉस मशीन में मैच नहीं होता है, तो उन्हें ई-पॉस मशीन के माध्यम से मोबाइल ओटीपी सत्यापन द्वारा खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे मामलों में अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है।

इसके अतिरिक्त पोर्टेबिलिटी व्यवस्था के अंतर्गत लाभार्थियों को अन्य स्थानों पर भी उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा रहेगी तथा विक्रेता अपने स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे।

योजना से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए प्रशासन ने ब्लॉकवार संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। विकास खण्ड अलीगंज हेतु पूर्ति निरीक्षक मो० नम्बर 8709430838, विकास खण्ड जैथरा 7310891692, विकास खण्ड जलेसर 7455891174, विकास खण्ड अवागढ़ 8808880198, विकास खण्ड मारहरा व नगर क्षेत्र एटा 8077075872, विकास खण्ड निधौलीकलां 9897032538, विकास खण्ड सकीट 9412709678 तथा विकास खण्ड शीतलपुर हेतु क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मो० नम्बर 7251910000 पर संपर्क किया जा सकता है।

सरकार द्वारा निर्धारित इस व्यवस्था के तहत निःशुल्क खाद्यान्न वितरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिससे प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित हो सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story