एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के नया बांस गांव में पुरानी रंजिश ने गुरुवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शौच के लिए जा रहे एक युवक को गांव के ही लोगों ने घेरकर गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में कुल आठ लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, नया बांस निवासी अजय कुमार पुत्र रनबीर सिंह शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। गोली अजय की कमर के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की सूचना पर जब अजय के परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में अजीत (25), अजय (30), रामनरेश (49), नरेंद्र (17), प्रवीण (38), विनय (38), प्रवीण (34) और रणवीर घायल हो गए। घायलों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घायल अजय ने आरोप लगाया कि जागेश्वर और उनके परिवार के योगेश पुत्र ज्ञान सिंह, हरिनंदन पुत्र ज्ञान सिंह, शिवकुमार पुत्र राजवीर सिंह तथा जागेश्वर पुत्र राजवीर ने उन पर हमला किया। अजय के मुताबिक आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। उन्होंने बताया कि फरवरी माह में भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर गोली चलाई थी और अब दोबारा हमला किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पिलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अजय को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। एक व्यक्ति को गोली लगी है और करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

एटा एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि 28 मई 2026 को थाना पिलुआ क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी। स्थानीय पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story