बच्चे के नाम को लेकर खूनी संघर्ष: लाठी-डंडे, हंसिया और पथराव में छह घायल, मारपीट का वीडियो आया सामने
एट के अलीगंज के नगला जैत गांव में बच्चे के नाम को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडे, हंसिया और पथराव में छह लोग घायल हुए, जबकि वायरल वीडियो की भी पुलिस जांच कर रही है।

तस्वीर में दिख रही कोलार्ज इमेज में एक तरफ गांव में हुई मारपीट की घटना और दूसरी तरफ सिर व चेहरे पर पट्टी बंधवाए घायल अस्पताल में बैठे नजर आ रहे हैं।
जनपद एट के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला जैत में बुधवार को बच्चे के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, हंसिया से हमला करने और पथराव के आरोप लगे। करीब आधे घंटे तक चले बवाल से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के महिला और पुरुष हाथों में डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गाली-गलौज, मारपीट और पथराव भी स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। कुछ लोग बीच-बचाव का प्रयास करते भी दिखाई देते हैं, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहते हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने वीडियो को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।
घटना में प्रथम पक्ष से नगला जैत निवासी सत्यवीर (28) पुत्र दीनदयाल, रेखा देवी (50) पत्नी सत्यपाल सिंह तथा शैलेश (17) पुत्र सत्यपाल सिंह घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से नगला जैत निवासी गीता (40) पत्नी भारत सिंह, अनोज (20) पुत्र भारत सिंह तथा सनोज (15) पुत्र भारत सिंह घायल हुए हैं। सभी घायलों का सीएचसी अलीगंज में मेडिकल कराया गया है।
दूसरे पक्ष की घायल गीता ने बताया कि वे घर के बाहर खड़े थे। उनका आरोप है कि उनकी नातिन का नाम दूसरे पक्ष ने अपने बच्चे का रख लिया था, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात पर कहासुनी हुई और दूसरे पक्ष की एक महिला ने उन पर हंसिया तथा डंडे से हमला कर दिया। गीता के अनुसार उनके परिवार के चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन को खुली चोटें आई हैं।
वहीं प्रथम पक्ष के सत्यवीर ने भी दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में वह, उनकी भाभी और उनका भतीजा घायल हुए हैं। सत्यवीर के अनुसार उनकी बेटी का नाम आराध्या है, जबकि दूसरे पक्ष की बच्ची का नाम पायल है। उनका आरोप है कि उनकी भाभी ने जब "आराध्या" नाम लेकर आवाज लगाई तो राधेश्याम ने उनकी भाभी पर हंसिया से हमला कर दिया। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सत्यवीर ने यह भी दावा किया कि पुलिस पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लेकर गई है।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अभी किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में है और उसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच थानास्तर पर जारी है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
