एटा जनपद के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बकरी बेचकर लौट रहे एक किसान के साथ फिल्मी अंदाज में जेबकटी की घटना को अंजाम दिया गया। बाइक सवार उचक्कों ने चालाकी से ध्यान भटकाकर किसान की जेब से 45 हजार रुपये पार कर दिए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव अमोघपुर निवासी किसान नूर हसन के साथ हुई। पीड़ित नूर हसन ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अलीगंज बाजार में बकरी बेचने आए थे। बकरी बिक्री के बाद उनके पास लगभग 45 हजार रुपये थे। इसके बाद वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे अलीगंज के सराय अड्डे से ई-रिक्शा में बैठकर अपने गांव अमोघपुर लौट रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही किसान बिथरा स्कूल के पास ई-रिक्शा से उतरे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने अपनी जेब से कुछ रुपये नीचे गिरा दिए। नीचे गिरे रुपये देखकर किसान जैसे ही उन्हें उठाने के लिए झुके, उसी दौरान दूसरे युवक ने बेहद सफाई से उनकी जेब काट ली और उसमें रखे 45 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ ही क्षणों में दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना का एहसास तब हुआ जब किसान ने अपनी जेब चेक की, जो कटी हुई थी और उसमें रखे रुपये गायब थे। इस पर उनके होश उड़ गए और उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थाना अलीगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि किसान अलीगंज के सराय अड्डा से बिथरा अड्डा तक ई-रिक्शा से आया था और उतरते ही उसकी जेब कटी पाई गई तथा रुपये गायब थे। थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि करीब आठ किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित किसान नूर हसन का कहना है कि घटना बेहद अचानक हुई और किसी को समझने का मौका ही नहीं मिला।

यह वारदात क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जेबकटी और उचक्कागर्दी की घटनाओं की ओर गंभीर संकेत देती है, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story