एटा में दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के आवेदन शुरू, पात्र दम्पतियों को मिलेंगे ₹35 हजार तक
एटा में दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। जानिए कौन कर सकता है आवेदन, कितनी मिलेगी प्रोत्साहन राशि और क्या हैं पात्रता शर्तें।

जनपद एटा के पात्र दिव्यांग दम्पतियों के लिए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों, उनके सहयोग के लिए कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं को योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
रोहित कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत यदि युवक दिव्यांग है तो ₹15,000, युवती दिव्यांग होने पर ₹20,000 तथा युवक एवं युवती दोनों दिव्यांग होने की स्थिति में ₹35,000 की प्रोत्साहन राशि दम्पति के संयुक्त बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि जनपद एटा के ऐसे पात्र दिव्यांगजन, जिनका विवाह 01 अप्रैल 2025 से अब तक संपन्न हुआ है, वे किसी भी जनसेवा केंद्र अथवा लोकवाणी केंद्र के माध्यम से विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पंचायत परिसर, एटा में शीघ्र जमा कर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
योजना के लिए आवश्यक अभिलेखों में दम्पति का संयुक्त फोटो, विवाह पंजीकरण प्रमाण-पत्र अथवा विवाह कार्ड, मूल निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक में संयुक्त बैंक खाता, आयु संबंधी प्रमाण-पत्र तथा अन्य निर्धारित अभिलेख शामिल हैं। विवाह के समय युवती की आयु 18 वर्ष तथा युवक की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। साथ ही दोनों में से किसी की भी आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त दम्पति आयकरदाता श्रेणी में न आता हो तथा किसी भी सदस्य के विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित न हो।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने कहा कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें। अधिक जानकारी के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत परिसर, एटा से संपर्क किया जा सकता है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
