एटा में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक, आगामी त्योहारों को लेकर निर्देश
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह और एसएसपी डॉ. इला मारन की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील।

एटा कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी दशहरा, बकरीद और मोहर्रम पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी, धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक।
आगामी दशहरा, बकरीद, मोहर्रम सहित अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन ने की। बैठक में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगर निकाय प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए सभी नागरिक मिलजुलकर परंपरागत हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहारों का आयोजन करें। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक सामग्री पर ध्यान न दिया जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी प्रशासन को दी जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दृष्टिगत साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण की जाएं। विशेष रूप से उन्होंने विद्युत एवं पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नगर निकायों को अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं की जाएगी तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। कुर्बानी के उपरांत अवशेष केवल नगर निकायों द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही दफनाए जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुर्बानी अथवा धार्मिक गतिविधियों से संबंधित वीडियो एवं आपत्तिजनक सामग्री अपलोड न करने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सभी समुदायों के बीच समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।
एसएसपी ने यह भी कहा कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, अधिशासी अधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा त्योहारों को भाईचारे, सौहार्द एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाने पर सहमति जताते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। यह बैठक जनपद में आगामी पर्वों के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
