एटा में वर्षों से जमीन पर कब्जे के लिए अधिकारियों और न्यायालयों के चक्कर काट रहे एक दलित परिवार को आखिरकार प्रशासन ने उसकी भूमि पर कब्जा दिला दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लेकर डीएम और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाने वाले युवक अजय ने जमीन मिलने के बाद खेत में फसल की बुवाई शुरू कर दी। इस दौरान उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित जिला प्रशासन का आभार जताया।

मामला जलेसर तहसील क्षेत्र के गांव खटौटा का है। पीड़ित परिवार का आरोप था कि उसकी पैतृक जमीन पर दूसरे पक्ष के लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कब्जा कर लिया था। परिवार वर्ष 2018 से अपनी जमीन वापस पाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायालयों के चक्कर काट रहा था। सितंबर 2025 में हाईकोर्ट के आदेश पर तत्कालीन एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल और राजस्व निरीक्षक समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इसके बावजूद परिवार को जमीन पर कब्जा नहीं मिल पाया था।

13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की तस्वीर लेकर डीएम-एसएसपी कार्यालय पहुंचा था अजय

जमीन पर कब्जा नहीं मिलने से परेशान पीड़ित परिवार का बेटा अजय 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर हाथ में लेकर एटा के एसएसपी डॉ. इलामारन और जिलाधिकारी एम. अरुणमोली के कार्यालय पहुंचा था। उसने अधिकारियों को अपनी समस्या बताई और जमीन को कब्जामुक्त कराकर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी।

अजय ने बताया था कि उसका परिवार वर्ष 2018 से जमीन के विवाद को लेकर न्यायालयों के चक्कर काट रहा है। हाईकोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद भी परिवार को अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका था। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी एम. अरुणमोली ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने हटवाया अवैध कब्जा

जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित भूमि के अभिलेखों और वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया। इसके बाद करीब 15 दिन पहले कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराया और वास्तविक भूमि स्वामी को कब्जा दिलाया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद परिवार ने अपनी जमीन पर खेती का काम शुरू कर दिया।

फसल की बुवाई करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला

रविवार को अजय ने खेत में फसल की बुवाई करते समय वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी एम. अरुणमोली और एसडीएम जलेसर पियूष रावत को धन्यवाद देता नजर आया। वर्षों तक जमीन के लिए संघर्ष करने के बाद कब्जा मिलने पर उसने खुशी जाहिर की और मुख्यमंत्री तथा एटा जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

1993 में रजिस्टर्ड वसीयत के बाद शुरू हुआ था विवाद

पीड़िता कंठश्री पत्नी बालिस्टर निवासी धौर्रा, आगरा के अनुसार, उनके पिता बनारसी लाल निवासी खटौटा ने वर्ष 1993 में अपनी चल-अचल संपत्ति की रजिस्टर्ड वसीयत उनके नाम की थी। इस वसीयत के आधार पर गाटा संख्या 1606 में उनका नाम दर्ज हुआ था। आरोप है कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा करा लिया और उस पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।

तत्कालीन एसडीएम समेत 17 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी एफआईआर

इस मामले में सितंबर 2025 में हाईकोर्ट के आदेश पर तत्कालीन एसडीएम महिपाल सिंह, तहसीलदार बीके छत्रपति, लेखपाल महेश और राजस्व निरीक्षक समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसमें मुख्य आरोपी शिवराम और उसके परिजनों सहित अन्य लोगों के नाम भी शामिल बताए गए थे। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

एसडीएम पियूष रावत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम गठित की गई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराया और वास्तविक भूमि स्वामी को उसका कब्जा दिलाया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद परिवार को वर्षों से जारी जमीन विवाद के बीच अपनी भूमि पर खेती शुरू करने का मौका मिला है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story