SBI जैथरा शाखा में रिटायर्ड कर्मचारी के खाते से 4.49 लाख गायब, 95 बार ऑनलाइन निकासी
SBI जैथरा शाखा में रिटायर्ड कर्मचारी के खाते से 4.49 लाख रुपये गायब, 95 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नॉमिनी बदलाव से खुला मामला।

एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी के खाते से 4.49 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात साइबर ठगों ने कथित रूप से बैंक कर्मियों की मिलीभगत से बुजुर्ग के बचत खाते से 95 बार में रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली। इस दौरान खाते में दर्ज नॉमिनी और मोबाइल नंबर भी बदल दिए गए।
जैथरा निवासी सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी चैतन्य प्रकाश पालीवाल पुत्र कृष्ण गोपाल पालीवाल का SBI जैथरा शाखा में बचत खाता है। इसी खाते में उनकी मासिक पेंशन आती है। खाते में उनकी पत्नी श्रीमती सर्वेश पालीवाल नॉमिनी के रूप में दर्ज थीं।
चैतन्य प्रकाश पालीवाल के अनुसार, 5 जून 2026 को उनके खाते में 12.73 लाख रुपये जमा थे। जब वे 3 जुलाई को पासबुक अपडेट कराने के लिए बैंक पहुंचे, तब उन्हें खाते से हुई धोखाधड़ी की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि 5 जून से 3 जुलाई के बीच 95 अलग-अलग ऑनलाइन लेनदेन के जरिए कुल 4,49,128 रुपये विभिन्न मोबाइल नंबरों पर ट्रांसफर किए जा चुके थे।
खाते का स्टेटमेंट निकलवाने के बाद पीड़ित को एक और बड़ा झटका लगा। स्टेटमेंट में पता चला कि अज्ञात लोगों ने बैंक कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से खाते में दर्ज नॉमिनी उनकी पत्नी सर्वेश पालीवाल के स्थान पर 'मोहम्मद फुरकान' का नाम फर्जी तरीके से दर्ज कर दिया था। पीड़ित का कहना है कि वह इस व्यक्ति को बिल्कुल नहीं जानते हैं।
चैतन्य प्रकाश पालीवाल ने बताया कि वह कभी भी फोनपे जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल नहीं करते हैं। इसके बावजूद उनका मोबाइल नंबर बदलकर फर्जी तरीके से ऑनलाइन लेनदेन किए गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत बैंक में प्रार्थना पत्र देकर अपना सही मोबाइल नंबर और नॉमिनी का नाम दोबारा दर्ज कराया।
इस मामले में SBI जैथरा शाखा प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
जैथरा थाना प्रभारी सुनील कुमार बर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। बैंक रिकॉर्ड और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस मामले में बैंक के अंदरूनी लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
