एटा में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से साइबर ठगी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने गिरोह के पास से 31 एटीएम कार्ड, 12 सिम और होंडा सिटी कार बरामद की है। आरोपी डेढ़ साल में 8.5 करोड़ रुपये का लेन-देन कर चुके हैं।

तस्वीर में एटा पुलिस द्वारा ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी दिख रहे हैं।
एटा में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। थाना सकीट पुलिस, थाना साइबर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 31 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, आधार-पैन कार्ड और 19,530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक होंडा सिटी कार भी जब्त की है, जिसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को थाना सकीट पुलिस टीम सकीट-औंछा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार संख्या UP 16 CL 2709 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों के पास से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में आरोपियों के ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टेबाजी से जुड़े साइबर ठगी नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. के निर्देशन में की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर नीतीश गर्ग के नेतृत्व में थाना सकीट पुलिस ने 15 नवंबर 2026 की शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु वर्मा पुत्र सुनील वर्मा निवासी एमपी नगर, थाना कोतवाली नगर, एटा; रोहित शाक्य पुत्र सर्वेश शाक्य निवासी जसराना रोड, थाना औंछा, मैनपुरी और नितिन पुत्र ठाकुर दास निवासी अकबरपुर, थाना औंछा, मैनपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सकीट में मुकदमा संख्या 180/2026 दर्ज किया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 317(4), 336(3), 340, 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के स्रोत और लेन-देन के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु ने बताया कि वह करीब डेढ़ वर्ष से दिल्ली निवासी तरुण नामक व्यक्ति के संपर्क में था और उसके लिए काम करता था। वह लोगों को एक महीने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने के बदले पैसे देने का लालच देता था। इसके बाद उनसे बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और पासबुक प्राप्त करता था। प्रत्येक बैंक खाते के बदले खाताधारक को 5,000 से 10,000 रुपये तक दिए जाते थे।
आरोपी के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ वर्ष में वह लगभग 60 बैंक खाते जुटा चुका था। इन बैंक खातों के माध्यम से धनराशि का लेन-देन कराने के बदले उसे 10 से 30 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था। इस काम में रोहित शाक्य और नितिन भी सहयोग करते थे। उत्कर्ष उन्हें बैंक खाते जुटाने में मदद करने के बदले 5 से 10 प्रतिशत तक कमीशन देता था।
पूछताछ में उत्कर्ष ने बताया कि वह www.rana247.vip वेबसाइट के माध्यम से कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल और Aviator सहित विभिन्न ऑनलाइन गेम तथा सट्टेबाजी का संचालन करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। उसने यह भी बताया कि नोएडा में बैठे मालिक ने उत्कर्ष जैसे 50 से अधिक हैंडलर रखे हुए हैं, जो इसी तरह लोगों से पैसे लगवाने का काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि उत्कर्ष अपने हिस्से का कमीशन रखने के बाद रोहित और नितिन को भी खाते जुटाने में सहयोग के लिए रकम देता था। शेष मुनाफे की धनराशि इन्हीं बैंक खातों के माध्यम से दिल्ली और नोएडा में बैठे कथित संचालक के दो बैंक खातों तक पहुंचाने की बात सामने आई है। उत्कर्ष ने कथित संचालक से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क होने की जानकारी दी है। हालांकि, रकम किन-किन बैंक खातों से होकर किस अंतिम लाभार्थी तक पहुंची, इसका सत्यापन किया जा रहा है।
आरोपी ने आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा चलाने की बात भी स्वीकार की है। उसके अनुसार, इस दौरान लगभग दो करोड़ रुपये का लाभ प्राप्त हुआ था। उत्कर्ष ने पिछले डेढ़ वर्ष में ऑनलाइन बेटिंग और ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के माध्यम से लगभग 8.5 करोड़ रुपये अपने मालिक को उपलब्ध कराने की बात बताई है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी उत्कर्ष वर्मा के मोबाइल फोन में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल की जा रही 84 अलग-अलग ई-मेल आईडी के लॉगिन भी मिले हैं।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच के दौरान उत्कर्ष के मोबाइल फोन में महादेव ट्रेडर्स नामक बैंक खाते का स्टेटमेंट मिला है, जिसमें करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन दर्ज पाया गया। इसके अलावा BOUNUS GROUP RANA11 YASHU नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में धनराशि के लेन-देन से संबंधित चैट भी बरामद हुई है। पुलिस ने संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को पेनड्राइव में सुरक्षित कर लिया है और उनका विस्तृत परीक्षण कराया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों से संबंधित बैंक खातों के विरुद्ध बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से कुल छह साइबर शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में लगभग 1,24,970 रुपये की धनराशि संबंधित है। पुलिस इन शिकायतों और बैंक खातों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष श्रीमती मधु दुबे मय पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, चार आधार कार्ड, चार पैन कार्ड, 12 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, एक ड्राइविंग लाइसेंस, पीली और सफेद धातु की दो पुरुषों की अंगूठियां, 19,530 रुपये नकद तथा एक होंडा सिटी कार बरामद की है।
एटा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड अथवा पासबुक उपलब्ध न कराएं। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से दूर रहने की सलाह देते हुए इसे गैरकानूनी बताया है। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
पुलिस अब गिरोह के कथित संचालकों, संदिग्ध बैंक खातों, 84 ई-मेल आईडी और करोड़ों रुपये के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। छह साइबर शिकायतों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी सत्यापन किया जा रहा है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
