जनपद एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र स्थित राजगुरु ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल के कक्ष संख्या-1 में स्कूल के कैंटीन संचालक गिरीश चंद्र गुप्ता पुत्र सौंजीराम गुप्ता, निवासी मोहल्ला नजफअली का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि गिरीश चंद्र गुप्ता पिछले करीब चार वर्षों से अलीगंज के कोट रोड स्थित एक प्लॉट में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह स्कूल परिसर में कैंटीन का संचालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटे हैं।

परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे गिरीश चंद्र गुप्ता घर से स्कूल के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि उस समय स्कूल का साइड गेट खुला हुआ था। करीब 7:30 बजे परिवार को सूचना मिली कि उनका शव स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्कूल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक की बहू संजना ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके ससुर स्कूल में कैंटीन का सामान बेचते थे और कुछ समय पहले स्कूल प्रबंधन से उनका विवाद हो गया था। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने कुछ दिन पहले उनके ससुर का सामान भी फेंक दिया था। संजना के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि उनके ससुर ने स्कूल में फांसी लगा ली है।

मृतक की भतीजी सुमन ने आरोप लगाया कि उनके चाचा की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका दावा है कि घटना के करीब 10 से 15 मिनट बाद परिवार को सूचना दी गई। सुमन का कहना है कि स्कूल प्रबंधन काफी समय से उनके चाचा को परेशान कर रहा था।

वहीं, राजगुरु ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मंजूरूल हसन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सुबह उन्हें फोन पर सूचना मिली कि स्कूल परिसर में किसी व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। उस समय स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने के बाद वह दीवार फांदकर स्कूल परिसर में पहुंचे, जहां कक्ष संख्या-1 में एक व्यक्ति का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और सच्चाई पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल थाना स्तर पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। परिजनों के आरोपों की भी जांच में विधिवत पड़ताल की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story