अलीगंज में ज्वेलर्स की दुकान का शटर काटकर तिजोरी ले उड़े चोर, 20 से 22 लाख के नुकसान का दावा
एटा के अलीगंज में ज्वेलर्स की दुकान का शटर काटकर चोर तिजोरी ले गए। 8 किलो चांदी और 30 ग्राम सोने की चोरी का दावा है।

तस्वीर में अलीगंज में चोरी की घटना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी और जवान दिख रहे हैं।
जनपद एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के कस्बे के मोहल्ला मेवातियां में मंगलवार सुबह चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दुकान का शटर काटकर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखी पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए। दुकानदार ने तिजोरी में करीब आठ किलो चांदी और 30 ग्राम सोना रखे होने का दावा किया है। उसके मुताबिक चोरी से करीब 20 से 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सुनार कन्हैया वर्मा पुत्र सुरेंद्र वर्मा, निवासी मोहल्ला गुलाम हुसैन, नगला पड़ाव, कोतवाली अलीगंज ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6:40 बजे पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें दुकान का शटर कटा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंचे। दुकान का शटर कटा हुआ था और अंदर रखी तिजोरी गायब थी।
कन्हैया वर्मा के अनुसार, तिजोरी में करीब 8 किलो चांदी और 30 ग्राम सोना रखा था। उन्होंने चोरी से करीब 20 से 22 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार फिलहाल नुकसान का अंतिम आकलन नहीं हुआ है और दुकानदार द्वारा बताए गए नुकसान का सत्यापन किया जाना बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने दुकान और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
घटना के खुलासे के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और चोरों तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दुकानदार द्वारा फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सीओ ने बताया कि दुकानदार की ओर से जो तहरीर प्राप्त होगी, उसके आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
अलीगंज क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला लगातार सामने आया है। इससे पहले जानीपुर में दीवार काटकर मकान में चोरी और मितौलिया में दीवार काटकर घर में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके अलावा तीन-चार दिन पहले पत्रकार सुनील गुप्ता के घर के बाहर से साइकिल चोरी का मामला सामने आया था।
इन घटनाओं का अभी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इसी बीच अब मोहल्ला मेवातियां में ज्वेलर्स की दुकान का शटर काटकर तिजोरी चोरी होने की घटना ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब पुलिस के सामने ज्वेलर्स की दुकान से चोरी गई तिजोरी बरामद करने और आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
