एटा जनपद के थाना व कस्बा अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला छेदालाल गौड़ में ताड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार चले। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना में एक पक्ष से रानू पुत्र रामेंद्र उम्र 23 वर्ष और बलवीर पुत्र रामेंद्र उम्र 37 वर्ष घायल हुए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल बलवीर ने आरोप लगाया कि उसका भाई बैठा हुआ था, तभी दूसरे पक्ष का एक युवक छुरी लेकर पहुंच गया। बचाने का प्रयास करने पर उसके ऊपर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि एक युवक ने छुरी मार दी, जबकि दूसरे ने तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया।

वहीं दूसरे पक्ष से राजेश्वरी देवी पत्नी गिरांद सिंह उम्र 70 वर्ष घायल हुईं। उनकी बहू खुशबू ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी सास के साथ मारपीट की और हाथ में ईंट मारकर घायल कर दिया। खुशबू के अनुसार विवाद ताड़ी उतारने को लेकर शुरू हुआ। उनका कहना है कि कठेरिया समाज के मरघट के पास लगे ताड़ के पेड़ों से किसी ने ताड़ी उतार ली थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया।

घायल राजेश्वरी देवी ने बताया कि उनका बेटा खेतों की तरफ से आ रहा था, तभी पुलिया के पास कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग एकत्र होकर उनके परिवार को घेरकर मारपीट करने लगे। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर और धारदार हथियार चलने लगे।

सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला राजेश्वरी देवी को एक्सरे और बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story