एटा के अलीगंज में किसान की खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगाने का आरोप, कब्जे की नीयत से धमकाने का दावा
एटा के अलीगंज में किसान ने खेत की झोपड़ी में आग लगाने, मारपीट और कब्जे की नीयत से धमकाने का आरोप लगाया। पुलिस जांच में जुटी है।

तस्वीर में एक महिला हाथ में शिकायत पत्र लिए खड़ी है, जिसके आसपास कुछ अन्य महिलाएं और पुरुष अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में न्याय की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झकरई में एक किसान की खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने गांव के ही तीन लोगों पर झोपड़ी में आग लगाने, विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आगजनी की इस घटना में झोपड़ी में रखा चारपाई, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित नाहर सिंह पुत्र प्यारेलाल ने बताया कि उसने अपने खेत पर बैठने और रात में रुकने के लिए झोपड़ी बना रखी है। उसके अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे वह खाना खाने के लिए घर चला गया था। इसी दौरान गांव के विवेक, विनय पुत्रगण वीरेंद्र सिंह तथा ममता पत्नी वीरेंद्र सिंह ने कथित रूप से उसकी झोपड़ी में आग लगा दी।
नाहर सिंह का आरोप है कि जब उसने घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और दोबारा खेत पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसके खेत पर कब्जा करना चाहते हैं और इससे पहले भी झोपड़ी हटाने की धमकी दे चुके हैं।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि खेत पर झोपड़ी डाली गई तो उसे आग के हवाले कर दिया जाएगा। साथ ही खेत में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। घटना के बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी और कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार की शाम 6 बजे कोतवाली अलीगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर हल्का प्रभारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल थाना स्तर पर कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
