एटा जिले के अलीगंज में विद्युत विभाग की चेकिंग टीम पर अवैध वसूली, दबंगई और महिलाओं से अभद्रता के गंभीर आरोप लगने के बाद गुरुवार को अलीगंज बिजली घर पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, स्थानीय व्यापारी और मोहल्ला काजी की महिलाएं बड़ी संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचीं और करीब एक घंटे तक घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर पैसे लेकर बिजली चोरी के मामलों को दबाने, जबरन वसूली करने और रात में घरों में घुसने जैसे गंभीर आरोप लगाए। मामले को लेकर कोतवाली अलीगंज में लिखित शिकायत देने की तैयारी की गई है।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता उर्फ लालू गुप्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि परसों रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच सुंदर सिंह भंडारी, जेई अतर सिंह और अलीगंज एसडीओ उनकी दुकान पर विद्युत चेकिंग के नाम पर पहुंचे थे। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने कहा कि पहले भी बिजली चोरी पकड़ी गई थी, लेकिन रुपए लेकर मामला निपटा दिया गया था, इसलिए अब भी पैसे देने पड़ेंगे।

विमल कुमार गुप्ता के अनुसार वर्तमान चेकिंग के दौरान दुकान पर कुछ भी गलत नहीं मिला, इसके बावजूद विभागीय कर्मचारी वीडियो बनाकर वहां से चले गए और करीब 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की लिखित शिकायत कोतवाली अलीगंज में दी जाएगी।

मोहल्ला काजी की गिहार बस्ती से पहुंचीं एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने भी विद्युत विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगाए। महिलाओं का कहना था कि रात करीब 10 बजे कुछ लोग बिजली चेकिंग के नाम पर पीछे से सीढ़ी लगाकर घरों में चढ़ गए। पूछने पर उन्होंने खुद को विद्युत कर्मचारी बताया।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारी शराब के नशे में थे और उस समय घरों में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। घर की लड़कियां और महिलाएं गर्मी की वजह से स्नान कर रही थीं, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी अंदर घुस आए। महिलाओं का आरोप है कि विरोध करने पर अभद्रता की गई और छेड़छाड़ भी की गई।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि घरों में रखे बर्तन तोड़ दिए गए और अगले दिन बिजली घर पर 20 हजार रुपये लेकर आने को कहा गया। इसी को लेकर महिलाएं बड़ी संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचीं और अपना सामान वापस दिलाने की मांग की।

फल विक्रेता अभिषेक ने भी विभागीय कर्मचारियों पर रिश्वत लेकर मामला दबाने के आरोप लगाए। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले उनकी विद्युत लाइन चोरी पकड़ने की बात कही गई थी। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने उनसे करीब 35 हजार रुपये लेकर मामला रफा-दफा कर दिया। अभिषेक का आरोप है कि उनसे कहा गया कि पैसे विभाग में तैनात कर्मचारियों तक पहुंचाने होंगे।

घटना को लेकर बिजली घर परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग कार्यालय के बाहर जमा हो गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

वहीं विभागीय कर्मचारियों ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत चेकिंग नियमानुसार की गई थी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर अलीगंज नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story