विकास खंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम मोर्चा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में शनिवार को खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा के औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। अचानक पहुंचे बीडीओ ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के समय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों को तहरी वितरित की जा रही थी। बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की तथा रसोईघर में पहुंचकर भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया देखी। इस दौरान यह पाया गया कि भोजन बनाने में खुले मसालों का प्रयोग किया जा रहा था। इस पर बीडीओ ने प्रधानाचार्य को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मध्यान्ह भोजन में केवल ब्रांडेड मसालों और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही उपयोग किया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

विद्यालय परिसर और रसोईघर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर भी खंड विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बीडीओ ने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के लिए ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए और उन्हें पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। बीडीओ ने शिक्षकों से शिक्षण कार्य की जानकारी लेते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अंत में उन्होंने विद्यालय प्रशासन को शासन की योजनाओं का जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संचालन करने के निर्देश दिए। बीडीओ के औचक निरीक्षण के बाद विद्यालय प्रशासन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की हलचल तेज हो गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story