एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम नगला प्रेमी में पुराने जमीनी विवाद को लेकर चारपाई पर सो रहे युवक नीरज को गोली मारने के मामले में 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद चारों नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए सर्विलांस, एसओजी और थाना स्तर की तीन टीमें गठित की हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।

घायल नीरज पुत्र ऋषिपाल को गोली दाहिनी जांघ में लगी थी। गंभीर हालत में उसे जैथरा सीएचसी से मेडिकल कॉलेज एटा रेफर किया गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी जमीनी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से नीरज को निशाना बनाया।

पुलिस को दी गई तहरीर में नीरज के भाई उमेश पुत्र ऋषिपाल निवासी नगला प्रेमी ने बताया कि 29 सितंबर 2026 को शाम करीब छह बजे देशराज, अनिल और विमल पुत्रगण कश्मीर तथा बॉबी पुत्र राजपाल उनके दरवाजे पर आए थे। आरोप है कि पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर उक्त लोगों ने गाली-गलौज की और वहां से चले गए।

उमेश के अनुसार, परिवार के लोगों ने विवाद बढ़ने की आशंका के चलते उस समय मामले को शांत रखा। इसके बाद रात करीब 11 बजे उसका बड़ा भाई नीरज घर के सामने बनी झोपड़ी में चारपाई पर सो रहा था।

आरोप है कि इसी दौरान नामजद लोग असलहों के साथ वहां पहुंचे और बॉबी पुत्र राजपाल ने नीरज की हत्या करने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली नीरज की दाहिनी जांघ में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर उमेश तत्काल बाहर आया तो नीरज घायल अवस्था में पड़ा मिला। उमेश के मुताबिक, उसके बाहर आने तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।

घटना के बाद उमेश जैथरा थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने देशराज पुत्र कश्मीर, अनिल पुत्र कश्मीर, विमल पुत्र कश्मीर और बॉबी पुत्र राजपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और 109(1) लगाई गई हैं।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि जमीन को लेकर पहले से विवाद और मुकदमेबाजी चली आ रही है। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि पूर्व में भी संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। उनका दावा है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद बढ़ता गया और अब गोलीकांड की घटना सामने आई।

घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। गोलीकांड जैसी गंभीर घटना के बाद भी आरोपियों का पुलिस की पकड़ से बाहर रहना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के सफल अनावरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मामले में जैथरा के थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा से कई बार फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद मामले में अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह से जानकारी ली गई।

सीओ राजेश सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इनमें एक सर्विलांस टीम, एक एसओजी टीम और एक थाना स्तर की टीम शामिल है। प्रत्येक टीम अपने-अपने स्तर से साक्ष्य संकलित कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही घटना का सफल अनावरण करेगी। फिलहाल चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना की जांच पुलिस के सामने प्रमुख कार्रवाई बनी हुई है।

Updated On
Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story