स्कूल बैग को विराम और अलार्म घड़ी को आराम मिलने के साथ ही शुरू होता है खुशियों का मौसम—गर्मी की छुट्टियाँ। यह समय हर दिन नई कहानी, हँसी, मस्ती और छोटे-छोटे एडवेंचर से भर देता है। इसी क्रम में ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ शो के नन्हें कलाकारों ने अपने दिल के राज खोलते हुए बताया कि उनके लिए गर्मी की छुट्टियाँ क्यों खास हैं।

तारा का किरदार निभाने वाली बाल कलाकार हरीति जोशी ने कहा, “मुझे गर्मी की छुट्टियाँ बहुत पसंद हैं, क्योंकि यह आम का मौसम होता है। मेरी मम्मी जानती हैं कि मुझे आम बहुत पसंद है, इसलिए वे मेरे लिए आम से बनी अलग-अलग चीज़ें बनाती रहती हैं। कभी आम का शेक, कभी आमरस और कभी घर पर आम की आइसक्रीम। इसलिए लगभग हर दिन मुझे आम खाने को मिलता है। इसी वजह से मुझे गर्मी बहुत पसंद है और मैं पूरे साल इसका इंतज़ार करती हूँ।”

शुद्धि का किरदार निभाने वाली रिद्धि शर्मा ने गर्मी को परिवार के साथ बिताए जाने वाले समय से जोड़ा। उन्होंने कहा, “मुझे सबसे ज्यादा अच्छा लगता है गर्मी की छुट्टियों में अपनी नानी के घर जाना। वह मेरे लिए ढेर सारी खुशियों से भरी जगह है, क्योंकि वहाँ मुझे बहुत प्यार और दुलार मिलता है। मेरी नानी मेरा पसंदीदा खाना बनाती हैं, मजेदार कहानियाँ सुनाती हैं और मैं पूरे दिन अपने कज़िन्स के साथ खेलती हूँ। ऐसा लगता है, जैसे पूरा परिवार एक साथ खूब मौज कर रहा हो और मैं चाहती हूँ कि ये दिन कभी खत्म न हों।”

जीनू का रोल निभाने वाले अनाफ खत्री के अनुसार, गर्मी की छुट्टियाँ खेल और मस्ती का समय हैं। उन्होंने कहा, “गर्मी की छुट्टियाँ सबसे अच्छी होती हैं, क्योंकि मैं पूरे दिन खेल सकता हूँ और कोई मुझे रोकता नहीं है। क्रिकेट, फुटबॉल और छुपन-छुपाई जैसे खेलों से हर दिन मजेदार बन जाता है। मैं और मेरे दोस्त खूब हँसते हैं, दौड़ते हैं और कभी-कभी खेलते-खेलते थोड़ा झगड़ भी लेते हैं, लेकिन वही मज़ा है। मेरे लिए गर्मी का मतलब है खूब मस्ती।”

सप्पू का किरदार निभाने वाले अकदास खान ने छुट्टियों को नई जगहों की खोज से जोड़ा। उन्होंने कहा, “मुझे गर्मी की छुट्टियाँ बहुत अच्छी लगती हैं, क्योंकि इसी समय हम फैमिली ट्रिप पर जाते हैं। मुझे नई जगहों पर जाना, अलग-अलग शहर देखना और नया खाना ट्राई करना बहुत अच्छा लगता है। हर ट्रिप एक नया एडवेंचर होता है, जहाँ मैं कुछ नया सीखता हूँ। मुझे फोटो खींचना और यादें बनाना भी बहुत पसंद है। मेरे लिए गर्मी का मतलब है घूमना, मज़े करना और नई चीज़ें सीखना।”

गीक का किरदार निभाने वाले हनीश कौशल ने इसे सीखने का अवसर बताया। उन्होंने कहा, “मेरे लिए गर्मी की छुट्टियाँ बहुत खास होती हैं, क्योंकि हर साल मैं कुछ नया सीखने की कोशिश करता हूँ। कभी कोई मजेदार एक्टिविटी, तो कभी कोई नई हॉबी। छुट्टियों के अंत तक मुझे गर्व होता है कि मैंने कुछ नया सीखा है। मुझे नई चीज़ें ट्राई करना बहुत पसंद है और गर्मी का समय इसके लिए सबसे अच्छा होता है।”

इन अनुभवों के माध्यम से स्पष्ट होता है कि ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ के कलाकारों के लिए गर्मी की छुट्टियाँ केवल अवकाश नहीं, बल्कि खुशियों, सीख और यादों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दर्शक इस शो को हर सोमवार से शनिवार, शाम 7:30 बजे, सन नियो पर देख सकते हैं, जहाँ कहानी के साथ इन भावनाओं की झलक भी मिलती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story