नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसरों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए पूरे नेटवर्क में मौजूदा पुराने एनालॉग सीसीटीवी कैमरों को अत्याधुनिक एआई-संचालित आईपी-बेस्ड (आईपी-आधारित) सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम में बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए डीएमआरसी ने आधिकारिक तौर पर ₹109.96 करोड़ का टेंडर आमंत्रित किया है।

नए आईपी-बेस्ड सीसीटीवी सिस्टम का मुख्य उद्देश्य मेट्रो स्टेशनों पर संदिग्ध गतिविधियों और चोरी जैसी अप्रिय घटनाओं पर लगाम लगाना है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस कैमरे स्टेशनों पर भीड़ के प्रबंधन, लावारिस सामान और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान वास्तविक समय में करने में सक्षम होंगे। इससे निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

आईपी कैमरे मौजूदा एनालॉग कैमरों की तुलना में अधिक स्पष्ट और उच्च रिज़ॉल्यूशन की फुटेज उपलब्ध कराएंगे। इससे सुरक्षा एजेंसियों को स्टेशनों और मेट्रो परिसरों में निगरानी करने में आसानी होगी। डीएमआरसी का यह कदम पुराने निगरानी ढांचे को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

परियोजना के तहत डीएमआरसी के सभी स्टेशनों और परिसरों में लगे पुराने एनालॉग सिस्टम को पूरी तरह हटाकर आईपी-आधारित नए नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। टेंडर हासिल करने वाली कंपनी को अनुबंध के तहत 12 महीनों के भीतर अपग्रेडेशन का काम पूरा करना होगा।

काम पूरा होने के बाद संबंधित कंपनी की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। उसे 5 वर्षों के लिए डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) के तहत इस सिस्टम के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। इस तरह नए एआई-पावर्ड सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के जरिए दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर आधुनिक बनाया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story