सावन माह के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर पहुंच गई है। गुरुवार को चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) रेलवे स्टेशन पर कांवड़ियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्टेशन पर पहुंचने और यहां से रवाना होने वाली ट्रेनों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। पूरा स्टेशन परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।

सोनभद्र जिले के रामगढ़ निवासी पारसनाथ ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से लगातार सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के प्रति उनकी अटूट आस्था और विश्वास है। उनका मानना है कि सच्चे मन से बाबा के दरबार में मांगी गई मनोकामना जरूर पूरी होती है। इसी विश्वास के साथ वह हर वर्ष यात्रा पर निकलते हैं।

रामपुर से आए शिवप्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कई वर्षों से सावन में सोमवार के दिन बाबा को जल चढ़ाने की परंपरा निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब 10 वर्षों से नियमित रूप से इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं, जबकि उनके परिवार में यह धार्मिक परंपरा करीब 30 वर्षों से चली आ रही है। उनके लिए सावन में बाबा का जलाभिषेक करना जीवन का बड़ा सौभाग्य है।

वहीं, श्रद्धालु बृजनंदन नाथ ओझा सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से लगातार इस कठिन धार्मिक यात्रा में शामिल होते आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने उत्साह के साथ ‘बोल बम’ का जयघोष किया, जिससे आसपास मौजूद शिवभक्तों का उत्साह भी बढ़ गया।

सावन के दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। सावन में उमड़ रही आस्था और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story