मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 720 लीटर कोडीन सिरप बरामद, चालक फरार
चंदौली के अलीनगर में लावारिस ट्रक से मुर्गी दाने के नीचे छिपाकर रखी 720 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप की 7,200 शीशियां बरामद, पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी।

तस्वीर में अलीनगर थाना पुलिस टीम द्वारा लावारिस खड़े ट्रक से जब्त की गई कफ सिरप की पेटियां दिख रही हैं।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस खड़े ट्रक से 720 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर 72 पेटियों में 7,200 शीशियां रखी गई थीं। चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक 22 जुलाई की शाम रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास संदिग्ध अवस्था में एक ट्रक खड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर अलीनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक संख्या UP74Y4726 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियों से 72 पेटियां बरामद हुईं।
बरामद कफ सिरप में 36 पेटी FAIRDYL NEW (कोडीन युक्त कफ सिरप) और 36 पेटी एस्कफ सिरप शामिल हैं। प्रत्येक ब्रांड की 3,600-3,600 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर को बुलाकर नियमानुसार परीक्षण कराया तथा नमूने जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिए हैं।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का जीपीएस डिवाइस और सिम भी बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन स्वामी राहुल कुमार निवासी नासूपुर सजेती, फिरोजाबाद के खिलाफ थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0458/2026 दर्ज किया है। मामले में NDPS Act की धारा 8/21 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरामदगी को नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Manmohan, Chandauli (Uttar pradesh)
नाम: मनमोहन
पद: रिपोर्टर (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: चंदौली (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) और प्रशासन
मूलमंत्र: निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक पत्रकारिता
परिचय (About Manmohan)
मनमोहन उत्तर प्रदेश के चंदौली क्षेत्र के एक सजग, निडर और समर्पित पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनमोहन मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों को कवर करते हैं। उनका पत्रकारिता दृष्टिकोण पूरी तरह से "निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक" खबरों पर आधारित है, जिससे वे क्षेत्र की जनता के मुद्दों और प्रशासनिक सच्चाई को बिना किसी दबाव के सामने लाते हैं।
पत्रकारिता कौशल एवं अनुभव (Skills & Experience)
मनमोहन को चंदौली जिले के जमीनी मुद्दों, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ है। अपराध से जुड़ी घटनाओं की सटीक रिपोर्टिंग और प्रशासनिक कमियों व सुधारों को प्रमुखता से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। तथ्यों की गहराई में जाकर खबर की प्रामाणिकता जांचना उनके काम की शैली का हिस्सा है।
शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)
एम.जे. (M.J. - Master of Journalism): मनमोहन पत्रकारिता में परास्नातक (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की डिग्री से योग्य हैं। उनकी यह उच्च प्रोफेशनल डिग्री और पत्रकारिता की सैद्धांतिक समझ उन्हें जटिल खबरों का तार्किक विश्लेषण करने और समाज के सामने एक जिम्मेदार मीडिया रिपोर्ट प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
