चंदौली: 25 हजार का इनामी गोतस्कर समसाद राइन बांदा से गिरफ्तार
इलिया पुलिस और सर्विलांस टीम ने बांदा के बिसंडा से पकड़ा; गोवध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के मामलों में था वांछित।

चंदौली पुलिस की गिरफ्त में खड़ा आरोपी और उसके साथ मौजूद पुलिसकर्मी।
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र में एक साल पहले 12 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी समसाद राइन को इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बांदा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मामला 20 अगस्त 2025 का है। इलिया पुलिस ने बनरसिया नहर माइनर के पास चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर दो पिकअप वाहनों को पकड़ा था। दोनों वाहनों में 12 गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान दोनों वाहनों के स्वामियों की जानकारी ई-चालान ऐप के जरिए सामने आई। इसके बाद इलिया थाने में मु0अ0सं0 61/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 लगाई गई थी।
विवेचना आगे बढ़ने पर फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र के इलाही डेरा निवासी करीब 32 वर्षीय समसाद राइन पुत्र रज्जब अली का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार वह मुकदमे में वांछित था। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस और सर्विलांस टीम को समसाद राइन की लोकेशन बांदा जिले में मिली। इसके बाद संयुक्त टीम ने बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रई गांव के पास नहर पुलिया पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक समसाद राइन के खिलाफ फतेहपुर के बिंदकी थाने में वर्ष 2013 में धारा 363, 376, 467, 468, 470, 471 आईपीसी तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत भी मुकदमा दर्ज है। वर्तमान में वह इलिया थाने के गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित था।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थानाध्यक्ष इलिया चंदन कुमार राय और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक गिरीश वल्लभ शुक्ल, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिषेक श्रीवास्तव, अतुल सिंह राहुल, हेड कांस्टेबल नारायण दत्त यादव और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल गणेश तिवारी शामिल रहे।

Manmohan, Chandauli (Uttar pradesh)
नाम: मनमोहन
पद: रिपोर्टर (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: चंदौली (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) और प्रशासन
मूलमंत्र: निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक पत्रकारिता
परिचय (About Manmohan)
मनमोहन उत्तर प्रदेश के चंदौली क्षेत्र के एक सजग, निडर और समर्पित पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनमोहन मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों को कवर करते हैं। उनका पत्रकारिता दृष्टिकोण पूरी तरह से "निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक" खबरों पर आधारित है, जिससे वे क्षेत्र की जनता के मुद्दों और प्रशासनिक सच्चाई को बिना किसी दबाव के सामने लाते हैं।
पत्रकारिता कौशल एवं अनुभव (Skills & Experience)
मनमोहन को चंदौली जिले के जमीनी मुद्दों, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ है। अपराध से जुड़ी घटनाओं की सटीक रिपोर्टिंग और प्रशासनिक कमियों व सुधारों को प्रमुखता से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। तथ्यों की गहराई में जाकर खबर की प्रामाणिकता जांचना उनके काम की शैली का हिस्सा है।
शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)
एम.जे. (M.J. - Master of Journalism): मनमोहन पत्रकारिता में परास्नातक (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की डिग्री से योग्य हैं। उनकी यह उच्च प्रोफेशनल डिग्री और पत्रकारिता की सैद्धांतिक समझ उन्हें जटिल खबरों का तार्किक विश्लेषण करने और समाज के सामने एक जिम्मेदार मीडिया रिपोर्ट प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
